इस बार भाजपा को 75 पार नहीं, यमुना पार भेजो : हुड्डा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा की 75 पार का नारा बेबुनियाद है 75 पार तो प्याज टमाटर डीजल व पेट्रोल के दाम भाजपा ने कर दिए हैं। अबकी बार 75 पार नहीं भाजपा को यमुना पार भेजो। पिछले पांच साल में प्रदेश भ्रष्टाचार अपराध व बेरोजगारी में नंबर वन बन गया है।
संवाद सूत्र, बाबैन : पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा की 75 पार का नारा बेबुनियाद है 75 पार तो प्याज, टमाटर, डीजल व पेट्रोल के दाम भाजपा ने कर दिए हैं। अबकी बार 75 पार नहीं भाजपा को यमुना पार भेजो। पिछले पांच साल में प्रदेश भ्रष्टाचार, अपराध व बेरोजगारी में नंबर वन बन गया है। सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण हर वर्ग में रोष है। हुड्डा लाडवा में आयोजित चुनावी रैली में कांग्रेस प्रत्याशी मेवा सिंह के लिए मतदान की अपील करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले चुनाव में जनता से 154 वादे किए थे, लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं हुआ। हुड्डा ने कहा कि भाजपा ने किसानों को बर्बादी की कगार पर पहुंचा दिया है। आज सबसे ज्यादा बेरोजगारी हरियाणा में हैं, जबकि कांग्रेस के समय में बेरोजगारी दर 2.8 थी। अब 28.7 प्रतिशत पर पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के द्वारा जारी किए गए संकल्प पत्र में किसान, युवा, कर्मचारी, महिला सहित हर वर्ग का ध्यान रखा गया है। इस मौके पर थानेसर से कांग्रेस प्रत्याशी अशोक अरोड़ा, पूर्व विधायक लहरी सिंह, पूर्व जिला प्रधान पवन गर्ग, युवा जिला प्रधान हरप्रीत चीमा मौजूद रहे।
लाडवा से कांग्रेस प्रत्याशी मेवा सिंह ने कहा कि जो आशीर्वाद आज लाडवा की जनता ने इस रैली में इतनी भारी संख्या में पहुंचकर दिया है, इसका कर्ज वे सूद समेत अदा करेंगे।