मतदाता को जागरूक करने सड़कों पर उतरी स्वयं सहायता समूह की महिलाएं
जागरण संवाददाता कुरुक्षेत्र शहरी आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने मुख्य बाजार में मतदाता जागरूकता रैली निकाली।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र :
शहरी आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने मुख्य बाजार में मतदाता जागरूकता रैली निकाली। रैली की अगुवाई नगरीय परियोजना अधिकारी मदन कुमार चौहान व एक्सपर्ट नवदीप कौर ने की। नगर परिषद कार्यालय से निकाली गई यह रैली विभिन्न चौक और बाजार से होती हुई नप कार्यालय पर आकर संपन्न हुई। रास्ते में समूह की महिलाओं ने मोची, रेहड़ी वाले व अन्य दुकानदारों को मतदान के प्रति जागरूक किया। महिलाओं को संबोधित करते हुए शहरी परियोजना अधिकारी मदन कुमार चौहान ने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में हम सभी को उत्साह से हिस्सा लेना चाहिए। हम अपने मत का प्रयोग कर देश की उन्नति और विकास की राह प्रशस्त कर सकते हैं। देश के विकास के लिए सभी नागरिकों को अपने मत का प्रयोग करना चाहिए। देश के आम नागरिक को देश के प्रति जिम्मेदारी तय करते हुए ही सभी को वोट का अधिकार दिया गया है। एक्सपर्ट नवदीप कौर ने कहा कि मताधिकार के प्रति लोगों को जागरूक करने में महिलाएं एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। महिलाएं अपने परिवार के सदस्यों के साथ-साथ आस-पड़ोस में मतदान के लिए जागरूकता लाने का काम कर सकती हैं। रैली के शुभारंभ अवसर पर नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी बीएन भारती, एक्सपर्ट मुकेश शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।