पीड़िता ने पति पर लगाया जान से मारने के प्रयास का आरोप
संवाद सहयोगी पिपली थाना सदर के अंतर्गत सेक्टर 30 की एक महिला के साथ दहेज उत्पीड़न मारपीट व जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है।
संवाद सहयोगी, पिपली : थाना सदर के अंतर्गत सेक्टर 30 की एक महिला के साथ दहेज उत्पीड़न, मारपीट व जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने आरोपी पति के खिलाफ पुलिस अधीक्षक को शिकायत देने के बाद थाना सदर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। महिला ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत में बताया है कि वह सेक्टर 30 में किराये के मकान में रह कर झाड़ू पोंछा कर अपने परिवार का पालन पोषण कर रही है। उसकी शादी 2011 में उत्तर प्रदेश के जिला उन्नाव के गांव महमूद नगर निवासी रामबली के साथ हुई थी। रामबली के साथ उसकी बहन की शादी हुई थी, जिसकी मौत के बाद रामबली ने उससे शादी की थी। रामबली की पहली पत्नी से पूजा नाम की 10 वर्ष की लड़की है, जो उसके साथ रह रही है।
महिला ने बताया कि उसका पति रामबली शराब पीने का आदी था। दो जनवरी 2019 को रामबली ने शराब पीकर उसके साथ मारपीट व दुर्व्यवहार किया, जिसकी शिकायत उसने थाना सदर में दर्ज कराई थी, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं की थी। पीड़ित महिला का आरोप है कि जब वह तीन जनवरी 2019 को सेक्टर में काम करने गई थी। उसकी बेटी पूजा स्कूल चली गई थी। पीछे से उसका पति आरोपी रामबली आया और घर में रखे सोने चांदी व जेवर लेकर उत्तर प्रदेश अपने गांव महमूदपुर में चला गया। इसकी शिकायत उसने थाना सदर पुलिस को दी थी। पीड़ित महिला का आरोप है कि उसके पति रामबली ने उत्तर प्रदेश में जाकर तीसरी शादी भी कर ली थी। जिससे उसके तीन बच्चे हैं। पीड़िता का कहना है कि उसका पति साल में तीन चार महीने यहां रहता है और बाकी दिन महमूदपुर में तीसरी पत्नी के पास रहता है। महिला का आरोप है जब उसका पति रामबली यहां पर रहने के लिए आता है तो उसे यातनाएं देता है। पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी ने पीड़ित महिला द्वारा दी गई शिकायत की गहनता से जांच करवाई, जिसके बाद थाना सदर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पीड़ित महिला की शिकायत पर आरोपी पति रामबली के खिलाफ दहेज उत्पीडऩ व अन्य धाराओं में मामला दर्ज कराया है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप