धर्मनगरी से जन-जन तक पहुंच रहा गीता का संदेश: लक्ष्मण
रतिया के विधायक लक्ष्मण लापा ने कहा कि कुरुक्षेत्र की पावन धरा से जन-जन तक पवित्र ग्रंथ गीता का संदेश पहुंच रहा है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : रतिया के विधायक लक्ष्मण लापा ने कहा कि कुरुक्षेत्र की पावन धरा से जन-जन तक पवित्र ग्रंथ गीता का संदेश पहुंच रहा है। इन संदेशों को ग्रहण करने के लिए इस पावन धरा पर प्रत्येक नागरिक को कुरुक्षेत्र की भूमि पर पहुंचना चाहिए।
वे बृहस्पतिवार शाम ब्रह्मासरोवर पर संध्या कालीन महाआरती में शिरकत करने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले विधायक लक्ष्मण लापा, शाहाबाद के विधायक रामकरण काला, केडीबी के सदस्य रविद्र सांगवान, सौरभ चौधरी, राजेन्द्र परासर, डॉ. मधुदीप सिंह, भाजपा नेता विनित बजाज, अमित रोहिला, जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र माजरी ने आरती की और भजन संध्या का आनंद लिया। इस भजन संध्या में कथावाचक एवं केडीबी सदस्य राजेंद्र परासर ने भगवान श्रीकृष्ण के भजन सुना कर ब्रह्मसरोवर की फिजा को कृष्णमय कर दिया।
विधायक लक्षमण लापा ने कहा कि केडीबी की तरफ से हर वर्ष अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के स्वरूप को भव्य रूप दिया जा रहा है। इस महोत्सव को इस मुकाम तक पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल का विशेष योगदान रहा है। इस महोत्सव का आनंद लेने के लिए और देश की संस्कृति को जानने के लिए हर व्यक्ति को कुरुक्षेत्र पहुंचना चाहिए।