मानवता का गौरव ग्रंथ गीता : हरपाल चीका
सरस्वती तीर्थ पर आयोजित हुआ तीन दिवसीय गीता महोत्सव रविवार को शोभा यात्रा के उपरांत संपन्न हो गया।
संवाद सहयोगी, पिहोवा : सरस्वती तीर्थ पर आयोजित हुआ तीन दिवसीय गीता महोत्सव रविवार को शोभा यात्रा के उपरांत संपन्न हो गया। रविवार को हरियाणा शूगर फेड के चेयरमैन हरपाल सिंह चीका ने नगर के सरस्वती तीर्थ पर कहा कि गीता हिदुओं की आस्था का ग्रंथ ही नहीं, बल्कि समूचे मानवता का गौरव ग्रंथ है।
हरपाल सिंह चीका ने कहा कि विश्व के विकसित देशों ने भौतिक सुख-संसाधन तो जुटा लिए, परंतु शांति व सुखमय जीवन का ज्ञान उन्हें गीता से प्राप्त हुआ। भारतीय मूल की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स ने अंतरिक्ष में 175 दिन का समय व्यतीत किया था। उन्होंने इसके पीछे गीता को अपने साथ माना है। पिहोवा हरियाणा का गौरव है। हमें राजनीति से ऊपर उठकर इसे पूरी दुनिया में एक अलग पहचान दिलानी होगी। कार्यक्रम में पहुंचने पर मुख्यातिथि को एसडीएम डॉ. संजय कुमार ने शॉल व स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया। कार्यक्रम के अध्यक्ष एसडीएम डॉ. संजय कुमार ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, अध्यापकों तथा नगर की पूरी जनता का कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धन्यवाद किया।
कार्यक्रम में सीडी स्कूल के विद्यार्थियों ने गीता श्लोक व बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ संदेश पर गीत मैं हरियाणे की छोरी, ना किसे तै डरूंगी., भगवान कृष्ण की बाल लीला पर नृत्य, एजीएस स्कूल द्वारा सरस्वती वंदना, गीता मॉडल स्कूल द्वारा कव्वाली दमादम मस्त कलंदर, अली दा पैला नम्बर., गायक मासूम शर्मा एंड पार्टी ने सुनले मेरा ठिकाना रे, इस भारत मैं हरियाणा रे. तथा जोगिद्र जोगी एंड पार्टी व बंचारी पार्टी ने कार्यक्रम प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया।