उमरी गांव का रकबा ऑनलाइन में दर्रा कलां में दिखा रहा, प्राइवेट कॉलोनियों और कई सेक्टरों की रजिस्ट्रियों में रोडा
कुरुक्षेत्र। नए सॉफ्टवेयर में राजस्व क्षेत्र ठीक से फीड नहीं हो पाया है। शहर के दायरे में शामिल कई गांवों और प्राइवेट कॉलोनियों का रकबा दर्रा कलां में दिखाई दे रहा है।
जगमहेंद्र सरोहा, कुरुक्षेत्र : नए सॉफ्टवेयर में राजस्व क्षेत्र ठीक से फीड नहीं हो पाया है। शहर के दायरे में शामिल कई गांवों और प्राइवेट कॉलोनियों का रकबा दर्रा कलां में दिखाई दे रहा है। ऐसे में रजिस्ट्री कराने के लिए टोकन तो मिल जाता है, लेकिन कंप्यूटर में रजिस्ट्री फीड नहीं हो पा रही। अकेली थानेसर तहसील से हर रोज 10-12 लोग मायूस होकर लौट रहे हैं।
सरकार ने सवाल उठने के बाद गत दिनों रजिस्ट्रियां बंद कर दी थी। एक सितंबर से रजिस्ट्री फिर से शुरू की थी। इसके लिए नया सॉफ्टवेयर तैयार किया था।
यहां पर आ रही है परेशानी अंसल, लोट्स ग्रीन व हरमन समेत कई प्राइवेट कॉलोनियों की रजिस्ट्रियों में दिक्कत आ रही हैं। इनका रकबा उमरी गांव में आता है। सॉफ्टवेयर में गांव का रकबा नहीं दिखाया जा रहा। यह दर्रा कलां में दिखा रहा है। इसी तरह की दिक्कत सेक्टर-30 में आ रही है। यहां भी दर्रा कलां में रकबा दिखा रहा है।
कोट्स
सेक्टर-30 के राजेश कुमार ने बताया कि उसको अपने मकान की रजिस्ट्री करानी है। पहले नगर परिषद में प्रॉपर्टी आइडी नहीं मिल पा रही थी। उसने एचएसवीपी से प्रॉपर्टी आइडी ली। उसको टोकन नंबर भी मिल गया, लेकिन कंप्यूटर में रकबा दर्रा कलां दिखा रहा है। वह तकनीकी गलती के चलते अपनी रजिस्ट्री नहीं करा सका।
कोट्स
राकेश कुमार ने बताया कि उसने अपनी पत्नी के नाम एक प्राइवेट कॉलोनी में प्लॉट लिया था। वह रजिस्ट्री कराने के लिए गया। उसकी रजिस्ट्री कंप्यूटर में फीड नहीं हो पाई। वह काफी देर तक इंतजार करता रहा। उसको मायूस होकर वापस लौटना पड़ा।
वर्जन :
रजिस्ट्रियों में लगातार दिक्कत आ रही हैं। सोमवार को पूरा दिन में 14 रजिस्ट्री हुई हैं। यह आधे से भी कम हैं। सॉफ्टवेयर में आ रही दिक्कतों के बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।
जयवीर रंगा, नायब तहसीलदार, थानेसर।