हरियाणा में 40 लाख नए कार्यकर्ता बनाना है लक्ष्य : नायब सैनी
सांसद नायब सैनी ने कहा कि भाजपा का सदस्यता पर्व चल रहा है और हरियाणा में 40 लाख नये सदस्य बनाना पार्टी का लक्ष्य है। इसके लिए आम एक कार्यकर्ता के साथ-साथ सभी पदाधिकारी व नेता अपने-अपने क्षेत्र में नए लोगों को भाजपा के साथ जोड़ रहे हैं।
संवाद सहयोगी, शाहाबाद : सांसद नायब सैनी ने कहा कि भाजपा का सदस्यता पर्व चल रहा है और हरियाणा में 40 लाख नये सदस्य बनाना पार्टी का लक्ष्य है। इसके लिए आम एक कार्यकर्ता के साथ-साथ सभी पदाधिकारी व नेता अपने-अपने क्षेत्र में नए लोगों को भाजपा के साथ जोड़ रहे हैं। सांसद शनिवार को शाहाबाद में सदस्यता अभियान के दौरान पत्रकारों के साथ बातचीत कर रहे थे। सांसद ने स्वयं लोगों के सदस्यता फार्म भरे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा की बदौलत आज 11 करोड़ भाजपा के लाइव सदस्य हैं। हाल ही में कुरुक्षेत्र जिले में पांच हजार नए सदस्य बनाए गए हैं। सांसद सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 व 35ए को खत्म करके इतिहास रचने का काम किया है। भाजपा सरकार ने अपने दूसरे कार्यकाल के 50 दिन के अंदर न्यू इंडिया की नींव रखी है और यह निर्णय नए भारत के निर्माण में ऐतिहासिक सिद्ध होंगे। इस अवसर पर नपा प्रधान बलदेव राज चावला, अरूण कंसल, मुलख राज गुंबर, कर्णराज सिंह तूर मौजूद रहे।