महिला की हत्या के दो आरोपितों ने सात माह बाद अदालत में किया आत्मसमर्पण
कुरुक्षेत्र गांव बीड़ मथाना में खेत के रास्ते को लेकर हुए लड़ाई-झगड़
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : गांव बीड़ मथाना में खेत के रास्ते को लेकर हुए लड़ाई-झगड़े में एक महिला की हत्या के दो आरोपितों ने शुक्रवार को अदालत के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस पिछले सात माह से आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर हाथ-पांव मार रही थी। हत्यारोपितों के आत्मसमर्पण के बाद पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तारी दिखा कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। इस मामले में दो आरोपित पहले गिरफ्तार हो चुके हैं।
पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग ने बताया कि 24 मई 2020 को गांव बीड़ मथाना निवासी हरजीत सिंह ने थाना सदर थानेसर पुलिस दी शिकायत में बताया था कि उसकी पिपली अनाज मंडी में आढ़त की दुकान है। गांव में उनका जसविद्र सिंह के साथ खेत की जमीन के रास्ते को लेकर झगड़ा चल रहा है। यह मामला अदालत में भी चल रहा है।
उन्होंने बताया कि इससे 15 दिन पहले जब वह अपनी दुकान से रात को घर पर पहुंचा तो जसविद्र सिंह ने उसके साथ गाली-गलौच की। उन्होंने अगले दिन सुबह गांव में सरपंच को पूरी बात बताई। इसके बाद 23 मई को हर रोज की तरह शाम को दुकान से अपने घर पहुंचा तो जसविद्र सिंह, उसकी पत्नी परमजीत कौर, मंदीप सिंह और राजेंद्र सिंह ने लाठी, डंडों और लोहे की रॉड से उस पर हमला कर दिया। हमलावर दीवार फांद कर उनके घर में घुस गए। हमलावरों ने उसकी माता बिमला देवी और सुखविद्र सिंह के साथ मारपीट की। आरोपित जसविद्र सिंह की पत्नी ने उसकी माता बिमला के साथ मारपीट की। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे गुरप्रीत सिंह ने बीच-बचाव कर उन्हें छुड़वाया। इसके बाद आरोपित उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। गुरप्रीत सिंह उसे और उसकी माता को अपनी कार में इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। उसकी माता बिमला देवी की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर कर दिया था। इलाज के दौरान उसकी माता बिमला देवी की मौत हो गई।
हत्या का केस किया दर्ज
पुलिस ने हत्या की धारा 302 आइपीसी को मामले में दर्ज किया गया। इस लड़ाई-झगड़े में वह भी घायल हो गया था। मामले की जांच करते हुए उप निरीक्षक सत्यवान जसविद्र सिंह व उसकी पत्नी परमजीत कौर को 28 मई 2020 को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद अदालत के आदेश पर दोनों आरापितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। इस मामले में मंदीप सिंह और राजेंद्र सिंह फरार चल रहे थे। मामले की जांच उप निरीक्षक रमेश कुमार को सौंपी गई थी। दोनों आरोपितों ने गिरफ्तारी से बचते हुए शुक्रवार को अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। उप निरीक्षक रमेश कुमार, हवलदार सुरेंद्र कुमार व सुरेन्द्र सिंह की टीम ने दोनों आरोपितों को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ में जुटी है।