एलएनजेपी अस्पताल पहुंचे महानिदेशक डॉ. सूरजभान
कैथल से लौटते हुए स्वास्थ्य सेवाएं महानिदेशक डॉ. सूरजभान कांबोज अचानक एलएनजेपी अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल में उन्होंने करीब आधा घंटा जिला स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक ली और अधिकारियों से सीजनल बीमारियों को लेकर किए गए कार्यों की रिपोर्ट भी मांगी।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : कैथल से लौटते हुए स्वास्थ्य सेवाएं महानिदेशक डॉ. सूरजभान कांबोज अचानक एलएनजेपी अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल में उन्होंने करीब आधा घंटा जिला स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक ली और अधिकारियों से सीजनल बीमारियों को लेकर किए गए कार्यों की रिपोर्ट भी मांगी। इसके बाद वे अस्पताल की निर्माणाधीन नई इमारत का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे और उन्होंने इसे जल्द पूरा करके हैंडओवर करने के निर्देश दिए।
महानिदेशक सूरजभान कांबोज पहली बार कुरुक्षेत्र पहुंचे थे। वे कैथल से लौटते हुए कुरुक्षेत्र रुके थे। यहां उन्होंने पहले जिला सिविल सर्जन डॉ. सुखबीर के कार्यालय में अधिकारियों की बैठक ली और उनसे उनकी समस्याएं पूछीं। इसके बाद उन्होंने नई निर्माणाधीन इमारत के बारे में पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के अधिकारियों से बात की। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि नई इमारत में कितना काम बचा है। इस पर पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने बताया कि काम लगभग हो चुका है। बाद में थोड़ा बहुत बदलाव कराया था। मगर वे 15 जनवरी तक इमारत को स्वास्थ्य विभाग को सौंप देंगे। इमारत में बिजली की फिटिग का काम चल रहा है, जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इस दौरान डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. एनपी सिंह, डॉ. सुदेश सहोता, डॉ. कमल कांत, आरएमओ डॉ. श्याम सुंदर अरोड़ा मौजूद रहे।