आढ़तियों की हड़ताल खत्म, गेहूं की खरीद शुरू
जागरण संवाददाता कुरुक्षेत्र पिछले कई दिनों से चल रही आढ़तियों की हड़ताल शनिवार को खत्म हो गई है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र :
पिछले कई दिनों से चल रही आढ़तियों की हड़ताल शनिवार को खत्म हो गई है। हड़ताल खत्म होते ही अधिकारियों ने खरीद शुरू कर दी है। कई दिनों से खरीद बंद होने के कारण अनाज मंडियों में सात हजार क्विटल के लगभग गेहूं पहुंची हुई थी। आढ़तियों की हड़ताल खत्म होने और गेहूं खरीद शुरू होने पर जिला प्रशासन के साथ-साथ किसानों ने भी राहत की सांस ली है।
---
विधायक ने बीच बचाव कर मनवाई मांग ई-खरीद के विरोध में पिछले कई दिनों से आढ़ती हड़ताल पर चल रहे थे। हड़ताल पर बैठे आढ़ती गेहूं खरीद में भी सहयोग नहीं कर रहे थे। ऐसे में दो दिन पहले विधायक सुभाष सुधा ने हरियाणा स्टेट आढ़ती एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बातचीत की थी। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल से बातचीत के बाद शनिवार को सुबह राज्यमंत्री कर्णदेव कांबोज की उपस्थित में एसोसिएशन के पदाधिकारियों से बातचीत की। इसके बाद सरकार की ओर से ऑनलाइन आई फार्म भेजने के मामले में छूट दे दी है। इससे छूट मिलने पर आढ़तियों ने अपनी हड़ताल वापस ले ली है। हरियाणा स्टेट आढ़ती एसोसिएशन के महासचिव हरविद्र बंसल, थानेसर अनाज मंडी के प्रधान दयाल चंद ने बताया कि सरकार ने उनकी मांग को मान लिया है। ऐसे में उन्होंने हड़ताल खत्म कर गेहूं की खरीद शुरू कर दी है।
---
थानेसर मंडी में खरीद हुई शुरू थानेसर मार्केट कमेटी के चेयरमैन सुरेश सैनी कुक्कू ने कहा कि हड़ताल खत्म होते ही अधिकारियों की ओर से खरीद शुरू कर दी है। कई दिनों से खरीद ना होने के चलते मंडी में हजारों क्विटल गेहूं अटकी पड़ी थी। खरीद शुरू होने से किसानों को भी राहत मिलेगी।