थीम पार्क में मनाई जाएगी महाराजा शूर सैनी जयंती
थीम पार्क में पहली बार प्रदेश स्तरीय महाराजा शूर सैनी जयंती बड़ी धूमधाम से मनाई जाएगी। इसमें प्रदेशभर से सैनी समाज के लोग भारी संख्या में बढ़-चढ़कर भाग लेंगे।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : थीम पार्क में पहली बार प्रदेश स्तरीय महाराजा शूर सैनी जयंती बड़ी धूमधाम से मनाई जाएगी। इसमें प्रदेशभर से सैनी समाज के लोग भारी संख्या में बढ़-चढ़कर भाग लेंगे। जयंती का आयोजन एक मार्च रविवार को किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल मुख्यातिथि रहेंगे और कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद नायब सैनी करेंगे।
महाराजा शूर सैनी जयंती के संयोजक पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी ने बताया कि आजादी के बाद से आज तक भाजपा ऐसी पहली सरकार है, जिसने संत महापुरुषों की जयंती को प्रदेश स्तर पर मनाना शुरू किया है। हरियाणा सरकार ने महापुरुषों और संत-महात्माओं की जयंती राजकीय स्तर पर मनाने की शुरूआत की है। इसका उद्देश्य कार्यक्रम आयोजित करके महापुरुषों को याद कर उनको मान-सम्मान देना व हमारी संस्कृति और सभ्यता के साथ सामाजिक और नैतिक मूल्यों को भी परिभाषित करना है। इस जयंती में प्रदेश के हजारों की संख्या में लोग पहुंचेंगे। इस मौके पर एडवोकेट राम भज, सुखबीर सिंह, मनजीत सिंह, सरपंच कलाल माजरा गुरमीत सिंह, अशोक कुमार सैनी व सुखबीर सिंह मौजूद रहे।