प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार और काम न करने वालों से आ चुकी तंग : राज्यमंत्री संदीप सिंह
खेल राज्यमंत्री संदीप सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार और काम न करने वालों से तंग आ चुकी है। अब ऐसे अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। उनके कारण ही जनता परेशान रहती है। गांव दर गांव दरबार लगाकर जनता की समस्याएं सुनी जाएंगी। वे यहां प्राचीन शिव मंदिर में लोगों की समस्याओं का निराकरण कर रहे थे।
संवाद सहयोगी, इस्माईलाबाद : खेल राज्यमंत्री संदीप सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार और काम न करने वालों से तंग आ चुकी है। अब ऐसे अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। उनके कारण ही जनता परेशान रहती है। गांव दर गांव दरबार लगाकर जनता की समस्याएं सुनी जाएंगी। वे यहां प्राचीन शिव मंदिर में लोगों की समस्याओं का निराकरण कर रहे थे।
संदीप सिंह ने कहा कि काफी विभाग ऐसे हैं, जहां जनता को दर दर भटकाया जाता है। कुर्सियों से चिपके बाबू काम करने के बदले नजराना मांगते हैं। जनता ऐसे नाम हर हाल में उजागर करे, ताकि इन पर नकेल कसी जा सके। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक हित की एक भी समस्या नहीं रहने दी जाएगी। इस मौके पर ग्रामीणों ने बीपीएल, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य आदि की समस्याएं रखी। काफी लोगों ने मांग उठाई की पात्र लोगों को आयुष्मान भारत योजना में शामिल किया जाए। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया खोली जानी चाहिए। युवाओं ने मांग रखी कि कस्बे में पार्क बनाया जाए। नगरपालिका की ओर से चेयरमैन संजीव अरोड़ा ने इस्माईलाबाद से सटे स्टेडियम का कायाकल्प करने की मांग उठाई। इसके साथ ही कस्बे के बीच से गुजरती 132 केवी की बिजली लाइन को आबादी से हटाने की मांग रखी। मंत्री ने सभी समस्याओं को एक एक कर हल करने का आश्वासन दिया। कई महकमों के कर्मचारी तक मौके पर नहीं पहुंचे। जिसे लेकर तरह तरह की चर्चा होती रही। इस मौके पर प्रहलाद भगत शर्मा, नपा चेयरमैन संजीव अरोड़ा, जिप सदस्य सुरेंद्र माजरी, गुरचरण सिंह बबू, गुलशन पुरी, मदन मनचंदा आदि मौजूद रहे।