भाजपा राज में नौकरियों में खूब चलती है पर्ची और खर्ची : अरोड़ा
कांग्रेस प्रत्याशी अशोक अरोड़ा ने प्रचार के दौरान कहा कि हरियाणा में हालात यह हैं कि आउटसोर्सिग की नौकरियों में पर्ची तो भाजपा नेताओं की चलती है और खर्ची ठेकेदार लेते हैं। इस प्रकार लगभग 30 हजार रुपये खर्ची देकर बेरोजगारों को एक वर्ष के लिए नौकरी मिलती है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : कांग्रेस प्रत्याशी अशोक अरोड़ा ने प्रचार के दौरान कहा कि हरियाणा में हालात यह हैं कि आउटसोर्सिग की नौकरियों में पर्ची तो भाजपा नेताओं की चलती है और खर्ची ठेकेदार लेते हैं। इस प्रकार लगभग 30 हजार रुपये खर्ची देकर बेरोजगारों को एक वर्ष के लिए नौकरी मिलती है। यह सब भाजपा नेताओं की मिलीभगत से हो रहा है। पक्की नौकरियों की तो यह हालत है कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के कार्यालय में नौकरियां बेचने वाला गिरोह पकड़ा गया। इतिहास में यह पहला मौका है जब कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन को निलंबित किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार एमए, बीटेक, शिक्षा प्राप्त युवकों को डी-क्लास की नौकरी देकर वाह-वाही लूट रही है, जबकि बिजली निगम के 80 इंजीनियर चयनित किए गए उनमें से हरियाणा के केवल दो ही हैं।
इस मौके पर श्रीप्रकाश मिश्रा, नगर सुधार मंडल के पूर्व चेयरमैन जलेश शर्मा, पवन गर्ग, सुभाष पाली, ललित बुटाना, मेहर सिंह रामगढ़, बिमला सरोहा, रेखा वाल्मिकी, शमशेर कश्यप मौजूद रहे।