राजकीय आदर्श विद्यालय में कौशल महोत्सव का आयोजन
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में कौशल (स्किल) महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कौशिक और प्राचार्या संतोष शर्मा ने किया। विनोद कौशिक ने कहा कि 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को व्यावसायिक कला कौशल में निपुण होना चाहिए इसलिए इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में कौशल (स्किल) महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कौशिक और प्राचार्या संतोष शर्मा ने किया। विनोद कौशिक ने कहा कि 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को व्यावसायिक कला कौशल में निपुण होना चाहिए, इसलिए इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को विभिन्न कौशल शिल्पों में रुचि दिखाते हुए आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। विनोद कौशिक ने कौशल महोत्सव के अंतर्गत निर्मित विभिन्न मॉडलों का अवलोकन किया तथा उनके महत्व को विद्यार्थियों के साथ सांझा किया। प्राचार्या संतोष शर्मा ने बताया कि कौशल महोत्सव में 9वीं से 12वीं के विद्यार्थियों ने वर्किंग मॉडल के माध्यम से शारीरिक शिक्षा एवं खेल व पेशेंट केयर असिस्टेंट से संबंधित विभिन्न विषयों/ शिल्पों को प्रदर्शित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे आत्मनिर्भर बने व जीवन में उन्नति के शीर्ष पर पहुंचे। इस कौशल महोत्सव में शारीरिक शिक्षा एवं खेल के अंतर्गत मनीष कक्षा नौवीं ने प्रथम स्थान तथा पेशेंट केयर असिस्टेंट में सौरभ कक्षा बारहवीं ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के मुख्यातिथि खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कौशिक व प्राचार्या संतोष शर्मा ने सभी विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर शालू, रचना रावत मौजूद रहे।