ठिठुरन बढ़ी, धूप सुहाने लगी
ठिठुरन बढ़ने की वजह से लोगों को अब धूप सुहाने लगी है। सायं होते ही हाथ ठिठुरने लगे हैं। रविवार को दिन के समय अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक रहा जबकि रात को तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र
ठिठुरन बढ़ने की वजह से लोगों को अब धूप सुहाने लगी है। सायं होते ही हाथ ठिठुरने लगे हैं। रविवार को दिन के समय अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक रहा, जबकि रात को तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। सुबह के समय धुंध का प्रभाव भी रहा। वहीं मौसम विभाग चार व पांच दिसंबर को एक बार फिर आसमान पर बादल छाने की संभावना जता रहा है।
रविवार को सुबह ही सूर्यदेव के दर्शन हो गए और धूप खिल गई। ठिठुरन से बचने के लिए लोग धूप का सहारा लेते हुए नजर आए। सुबह के समय मार्केट खुली तो लोग धूप का लुत्फ उठाते हुए नजर आए। रविवार होने की वजह से लोग छुट्टी वाले दिन अपने परिवार और दोस्तों के साथ ब्रह्मसरोवर अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव व पार्कों में बैठे हुए नजर आए। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिन धुंध का प्रभाव दिखाई देगा। इसके बाद आसमान पर बादल भी छाए रहेंगे।