केडीबी स्वर्ण जयंती वर्ष के खाते में जुड़ी कई उपलब्धियां
कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के एक अगस्त 2018 से शुरू हुए स्वर्ण जयंती वर्ष के खाते में कई बड़ी उपलब्धियां जुड़ गई हैं। केडीबी के अब तक के इतिहास में यही वह साल है जिसमें गीता जयंती महोत्सव ने महाभारत की धरा से चलकर मॉरीशस की धरती पर अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव मनाकर विदेशों तक में छाप छोड़ी है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र :
कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के एक अगस्त 2018 से शुरू हुए स्वर्ण जयंती वर्ष के खाते में कई बड़ी उपलब्धियां जुड़ गई हैं। केडीबी के अब तक के इतिहास में यही वह साल है जिसमें गीता जयंती महोत्सव ने महाभारत की धरा से चलकर मॉरीशस की धरती पर अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव मनाकर विदेशों तक में छाप छोड़ी है। इसी सफल आयोजन से गदगद हुई सरकार अब जल्द ही अगस्त माह में दूसरा अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव लंदन में मनाने की योजना बना रही है। इतना ही नहीं स्वर्ण जयंती वर्ष के शुभारंभ को यादगार बनाने वाले केडीबी प्रशासन ने अब इसके समापन को भी भव्य रूप से मनाने की तैयारी कर ली है।
---
स्वर्ण जयंती वर्ष के शुभारंभ पर आयोजित हुए थे चार दिवसीय कार्यक्रम स्वर्ण जयंती वर्ष के शुभारंभ अवसर पर चार दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था। इन आयोजनों में पिछले 50 सालों से केडीबी से जुड़े अधिकारियों को सम्मानित किया गया था। इसके अलावा केडीबी सदस्यों और अधिकारियों की उपस्थिति में ज्योतिसर तीर्थ पर हवन यज्ञ का आयोजन किया गया था। इसके अलावा जिला प्रशासन और केडीबी कर्मचारियों का एक क्रिकेट मैच भी रखा गया था। इसके बाद एक अगस्त को एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया था, जिसमें पहुंचे तत्कालीन राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी ने कई अतिथियों को भी सम्मानित किया था। इसके अलावा साल भर आयोजित होने वाली सभी कार्यक्रमों को स्वर्ण जयंती वर्ष से जोड़ा गया था। इतना ही नहीं इसी अवसर पर केडीबी की ओर से अतिथियों को दिए जाने वाले स्मृति चिह्न के लिए श्रीकृष्ण के विराट रूप की मूर्ति का भी चयन किया गया था, ताकि यह केडीबी की एक पहचान बन सके।
---
यादगार रहे हैं स्वर्ण जयंती वर्ष के कार्य्रकम केडीबी के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा ने कहा कि स्वर्ण जयंती वर्ष के अंतर्गत आयोजित हुए सभी कार्यक्रम यादगार रहे हैं। इस वर्ष की शुरुआत की तरह ही अब इसके समापन को भी भव्य बनाने की तैयारी है। इसके लिए केडीबी की ओर से राज्यपाल को लिखा गया है। अभी केडीबी सदस्य सचिव और राज्यपाल के सचिव के साथ बैठक होने के बाद ही इसके बारे में कुछ कहा जा सकता है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप