कोरोना की दूसरी लहर ने बरपाया कहर, प्रवासी मजदूर लाकडाउन लगने का भय से करने लगे पलायन
कोरोना की दूसरी लहर ने देश के कई प्रदेश में कहर बरपा दिया है। पहले के मुकाबले देश में कोरोना तेजी से फैल रहा है। जिसके चलते एक बार फिर लाकडाउन लगने की स्थिति पैदा होती दिख रही है। कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सरकार ने कई तरह की पाबंदियां लगाने की तैयारी कर ली है।
संवाद सहयोगी, पिपली : कोरोना की दूसरी लहर ने देश के कई प्रदेश में कहर बरपा दिया है। पहले के मुकाबले देश में कोरोना तेजी से फैल रहा है। जिसके चलते एक बार फिर लाकडाउन लगने की स्थिति पैदा होती दिख रही है। कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सरकार ने कई तरह की पाबंदियां लगाने की तैयारी कर ली है। इससे मजदूरों को लग रहा है कि इस साल फिर लाकडाउन लग सकता है। लाकडाउन के डर के चलते एक बार फिर प्रवासी मजदूरों का पलायन शुरू हो गया है। ये लोग अपने घर लौटने लगे हैं। पिछले साल लाकडाउन की वजह से प्रवासी मजदूरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। इन्हीं परेशानियों से बचने के लिए प्रवासियों ने पहले ही पलायन शुरू कर दिया है।
रोजाना रेलवे स्टेशन व बस अड्डे पर मजदूर वापस घर जाने के लिए आ रहे हैं। रेलवे स्टेशन पर खासतौर से दिल्ली की ओर से आने वाली बसों व ट्रेनों में मजदूरों की ठसाठस भीड़ चल रही है। बिना रिजर्वेशन मजदूरों को जिस ट्रेन में जगह मिल वह उसी में सवार होकर घर पहुंचना चाहते हैं। बाक्स पिछले वर्ष की परेशानियां सता रही हैं मजदूरों को बीते वर्ष लगे लाकडाउन में प्रवासी मजदूरों को कई तरह की परेशानियों से जूझना पड़ा था। जिसे लेकर मजदूरों में भय के साथ साथ असुरक्षा की भावना पैदा हो गई थी। लाकडाउन लगने की अफवाहों के बीच मजदूर अपने को असुरक्षित समझ रहे हैं। उन्हें डर है कि कहीं पिछले वर्ष की तरह इस बार भी संकटों का सामना करना पड़े। यही कारण है कि मजदूरों में घरों को वापिस जाने की होड़ लगी हुई है। बाक्स मंडियों में हो रही मजदूरों की कमी अनाज मंडी में इस समय गेहूं का सीजन जोरों पर है। ऐसे में मजदूरों के पलायन करने से मंडियों में भी असर पड़ रहा है। मंडी में लेबर नहीं है। मजदूर संघ के प्रधान धर्मपाल ने बताया कि मंडी में मजदूरों की कमी खल रही है। जिस कारण मंडी का कार्य भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बताया कि कोरोना के कारण जब पिछले साल लाकडाउन की घोषणा हुई तो यातायात अचानक बंद होने से सबसे ज्यादा परेशानी प्रवासी मजदूरों को झेलनी पड़ी थी। अब दोबारा से कोरोना के मामले बढ़ने पर सख्ती शुरू हुई तो प्रवासी मजदूरों ने लाकडाउन के भय से पलायन शुरू कर दिया है।
दिल्ली की ओर जाने वाली बसों में प्रवासियों की भीड़
राज्य परिवहन के परिचालक राजेंद्र का कहना है दिल्ली की ओर जाने वाली बसों में प्रवासी अधिक हैं, जो अपना सामान लेकर वापस घरों को लौट रहे हैं। रेलवे स्टेशन अधीक्षक केके सिंह का कहना है कि बाहरी राज्यों के लिए पहले की बजाए अब रिजर्वेशन बढ़ी है।