देश के विकास के लिए विज्ञान महत्वपूर्ण, शोध व अनुसंधान को गंभीरता से लें युवा: बागची
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस बेंगलुरु के प्रोफेसर वैज्ञानिक बिमन बागची ने कहा कि देश के विकास के लिए विज्ञान व उसमें नए-नए अनुसंधान बहुत ही जरूरी हैं। आने वाली पीढि़यों को शोध व अनुसंधान को गंभीरता से लेने की आवश्यकता है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र: इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस बेंगलुरु के प्रोफेसर वैज्ञानिक बिमन बागची ने कहा कि देश के विकास के लिए विज्ञान व उसमें नए-नए अनुसंधान बहुत ही जरूरी हैं। आने वाली पीढि़यों को शोध व अनुसंधान को गंभीरता से लेने की आवश्यकता है। महान वैज्ञानिकों ने युवाओं के आगे जो विरासत छोड़ी है। उसका अनुसरण करते हुए नया इतिहास रचने की आवश्यकता है। वे शुक्रवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अधिष्ठाता विभाग की ओर से कैंपस लेक्चर सीरीज के तहत व्याख्यान देने पहुंचे थे।
उन्होंने कहा कि देश में शोध व अनुसंधान के क्षेत्र में महान वैज्ञानिकों ने एक ऐसी विरासत छोड़ी है जिस पर चलकर युवा वैज्ञानिक अपने अनुसंधान से नए कीर्तिमान स्थापित कर सकते हैं। विज्ञान व अनुसंधान समय की आवश्यकता हैं। वैश्विक दृष्टि से आज जिस तरह से अनुसंधान हो रहा है। भारतीय युवा वैज्ञानिकों को भी वैश्विक दृष्टिकोण को ध्यान में रख अपनी तरफ से कुछ न कुछ जोड़ने की आवश्यकता है। कुलपति डॉ. कैलाश चंद्र शर्मा ने कहा कि नई सदी के लिए देश को युवा व ऊर्जावान वैज्ञानिकों व अनुसंधानकर्ताओं की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के व्याख्यान विद्यार्थियों के लिए बेहद ही जरूरी हैं। छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. पवन शर्मा ने इस मौके पर अतिथि का स्वागत किया। मंच का संचालन डॉ. संगीता सैनी ने किया। इस अवसर पर कुलसचिव डॉ.नीता खन्ना, डॉ.अनुरेखा शर्मा, डॉ.सुरेश कुमार, डॉ.सुमन मेहंदीरत्ता, डॉ.अविजित पॉल, डॉ.प्रभाकर, डॉ.रमेश कुमार, डॉ.रश्मि पुंडीर मौजूद थे।