कुवि के पूर्व छात्र की संस्था यूनाइटेड नेशन वर्ल्ड फूड प्रोग्राम को मिला नोबेल शांति पुरस्कार
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के पूर्व छात्र बिशू पराजुली की संस्था यूनाइटेड नेशन वर्ल्ड फूड प्रोग्राम को नोबेल शांति पुरस्कार 2020 से सम्मानित किया गया है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के पूर्व छात्र बिशू पराजुली की संस्था यूनाइटेड नेशन वर्ल्ड फूड प्रोग्राम को नोबेल शांति पुरस्कार 2020 से सम्मानित किया गया है। वर्तमान में बिशू पराजुली संयुक्त राष्ट्र की विश्व खाद्य कार्यक्रम टीम में अहम भूमिका निभा रहे हैं और इस संस्था के भारत में निदेशक हैं। पूर्व छात्र से जुड़ी संस्था को नोबल पुस्कार मिलने पर कुवि परिसर में खुशी की लहर है। कुलपति डा. नीता खन्ना ने इस उपलब्धि पर बिशू पराजुली और यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मैनेजमेंट विभाग को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि वर्ल्ड फूड प्रोग्राम (डब्ल्यूएफपी) के साथ नोबेल शांति पुरस्कार 2020 जीतकर बिशू पराजुली ने कुवि का नाम विश्व भर में रोशन कर किया है।
गौरतलब है कि बिशू पराजुली 1979-81 बैच के यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मैनेजमेंट (पूर्व के प्रबंधन विभाग) के पूर्व छात्र रहे हैं। वह वर्तमान में संयुक्त राष्ट्र के विश्व खाद्य कार्यक्रम के प्रतिनिधि और भारत में निदेशक के रूप में काम कर रहे हैं। नार्वेजियन नोबेल समिति ने भूख से निपटने के प्रयास के लिए विश्व खाद्य कार्यक्रम को नोबेल शांति पुरस्कार देने का फैसला किया था।
कुवि के लोक संपर्क विभाग के उपनिदेशक डा. दीपक राय ने बताया कि बिशू पराजुली ने एक सितंबर 2019 को भारत में संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम (डब्ल्यूएफपी) के प्रतिनिधि और भारत देश के निदेशक के रूप में पद ग्रहण किया था। उनके पास एशिया में 10 से अधिक देशों रोम सहित, मध्य पूर्व और अफ्रीका में विकास, मानवीय मामलों, कूटनीति और प्रबंधन में 35 वर्षों का अनुभव है। यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मैनेजमेंट विभाग के विभागाध्यक्ष डा. रमेश चंद्र व सभी संकाय सदस्यों ने भी अपने पूर्व छात्र को खाद्य सुरक्षा को शांति का साधन बनाने में, बहुपक्षीय सहयोग हासिल करने में, डब्ल्यूएफपी की भूमिका निभाने में योगदान के लिए बधाई दी है।