अपने कार्य में दक्षता के लिए निरंतर जारी रखें प्रयास : चौधरी
कुवि की डीन अकादमिक अफेयर्स प्रो. मंजुला चौधरी ने कहा कि कर्मचारियों को अपने कार्य में दक्षता लाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने चाहिए। कार्य में दक्षता और पारदर्शिता ही सफलता के मूलमंत्र हैं। वह कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की परीक्षा शाखा की ओर से आरके सदन में राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित कार्यशाला दक्षता कौशल कार्यक्रम में संबोधित कर रही थीं।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : कुवि की डीन अकादमिक अफेयर्स प्रो. मंजुला चौधरी ने कहा कि कर्मचारियों को अपने कार्य में दक्षता लाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने चाहिए। कार्य में दक्षता और पारदर्शिता ही सफलता के मूलमंत्र हैं। वह कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की परीक्षा शाखा की ओर से आरके सदन में राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित कार्यशाला दक्षता कौशल कार्यक्रम में संबोधित कर रही थीं।
कार्यशाला के प्रथम सत्र में एयर मार्शल रिटायर्ड परमजीत सिंह भंगु ने कहा कि कार्य में सुधार को लेकर कभी हार नहीं माननी चाहिए। उन्होंने पांच पी यानि पॉजिटिव एटिट्यूड, पॉजिटिव व्यवहार, पॉजिटिव थिकिग, पैशन और पेशेंस के महत्व की जानकारी दी। कार्यशाला के दूसरे सत्र में अवनीश भटनागर ने बताया कि कर्मचारी अपने व्यवहार से भी अपने पास पहुंचने वाले को शांत कर सकते हैं। इसके लिए व्यवहार कुशल होना भी जरूरी है। हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान से पहुंचे डॉ. राजवीर ढाका ने प्रतिभागियों को सूचना के अधिकार नियम के अंतर्गत प्रदान की जा सकने वाली सूचनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी और प्रतिभागियों की शंकाओं का निवारण भी किया। परीक्षा नियंत्रक डॉ. हुकम सिंह ने कहा कि परीक्षा विभाग विश्वविद्यालय की रीढ की हड्डी है और सभी छात्रों का परिणाम समय पर देना हमारा ध्येय होना चाहिए। हमें सभी आगंतुकों को संयमपूर्वक सुनना चाहिए, जहां तक संभव हो उनकी समस्याओं का समाधान उसी दिन हो जाना चाहिए। इस मौके पर डीन रिसर्च एवं डेवलपमेंट डॉ. अनिल वोहरा, यूआइईटी के निदेशक प्रो. सीसी त्रिपाठी, डीन साइंस एंड टेक्नोलॉजी प्रो. श्याम कुमार मौजूद रहे।