देशवासियों के मन की बात सुनने से होगा समस्याओं का समाधान : आकाश गर्ग
इनेलो व्यापार सेल के पूर्व जिला महासचिव एवं पूर्व पार्षद आकाश गर्ग ने कहा कि मन की बात सुनाने से नहीं बल्कि देशवासियों बात सुनने से समस्याओं का समाधान होगा।
संवाद सहयोगी, लाडवा : इनेलो व्यापार सेल के पूर्व जिला महासचिव एवं पूर्व पार्षद आकाश गर्ग ने कहा कि देश की जनता को मन की बात सुनाने से नहीं, बल्कि देशवासियों के मन की बात सुनने से समस्याओं का समाधान होगा। देश का अन्नदाता केंद्र सरकार की किसान विरोधी तीनों काले कानून के वापस लेने के लिए आंदोलन करने को मजबूर है और एक महीने से ज्यादा से कड़कती ठंड में सड़कों पर पड़ा है। प्रधानमंत्री किसानों की समस्याएं दूर करने के बजाए देश वासियों को अपने मन की बात सुनाने में लगे हुए है।
आकाश गर्ग मंगलवार को लाडवा इंद्री चौक पर नैब सिंह एंड कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यदि यह तीन कानून किसान, व्यापारी, मजदूर के हितों में है तो सरकार खुले मंच पर आकर इसकी खूबियां गिनवाएं न की किसान आंदोलन को कमजोर करने के लिए किसानों में फूट डाले, आढ़तियों पर मामले दर्ज कराएं। आज देश का किसान ही नहीं, बल्कि आढ़ती, मजदूर सभी किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े है और सरकार को यह तीन कानून वापस लेने पड़ेंगे। जब तक सरकार इनको वापस नहीं लेती आंदोलन जारी रहेगा तथा कोई भी कुर्बानी देने से पीछे नहीं हटेगा। किसान आंदोलन में शहीद हुए किसानों की शहादत बेकार नहीं जाएगी।
इस मौके पर करनैल सिंह बकाली, जगदीप दुगारी, बलदेव बन, निर्मल सिंह बपदी, प्रमोद शर्मा सलेमपुर मुख्य रूप से उपस्थित थे।
सौरव बठला को बनाया बाल कल्याण कमेटी का सदस्य
कुरुक्षेत्र : महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से बाल कल्याण कमेटी के नए सदस्यों की नियुक्ति की गई है। सेक्टर सात निवासी सौरव बठला को बाल कल्याण कमेटी का सदस्य बनाया गया है। महिला एवं बाल विकास विभाग हरियाणा की तरफ से जारी अधिसूचना में जींद, यमुनानगर, करनाल और कुरुक्षेत्र में बाल कल्याण समिति के चेयरमैन और सदस्यों की नियुक्ति की गई है। इस अधिसूचना के अनुसार कुरुक्षेत्र बाल कल्याण कमेटी में सेक्टर सात से सौरव बठला और प्रोफेसर कालोनी से रितू सिगला को सदस्य बनाया गया है। इन सदस्यों का कार्यकाल एक वर्ष का होगा और इस कार्यकाल को तीन वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है।