पुलिस ने पहले दिन बांटे लगभग एक हजार मास्क
कुरुक्षेत्र जिला पुलिस मास्क बांटकर लोगों को जागरूक करने लगी है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : जिला पुलिस मास्क बांटकर लोगों को जागरूक करने लगी है। अभियान के पहले दिन पुलिस ने शहर के तीन थाना क्षेत्रों के अंतर्गत नौ स्थानों पर नाके लगाकर लगभग एक हजार लोगों को मास्क बांटे। 11 अगस्त मंगलवार को किसी भी नागरिक का बिना मास्क के चालान नहीं किया जाएगा।
एसपी आस्था मोदी ने बताया कि पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार 10 व 11 अगस्त को पुलिस अधिकारी व कर्मचारी लोगों को कोरोना महामारी के प्रति जागरूक करते हुए बिना मास्क के होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक कर रही है। इसके साथ ही वे लोगों को मास्क दे रही है। दो दिन तक लोगों को जागरूक करने के बाद बिना मास्क के सड़कों पर निकलने वालों पर सख्ती से कार्रवाई करते हुए लोगों के चालान किए जाएंगे। सभी थाना प्रभारियों को आदेश दिए गए हैं कि वे आमजन को मास्क के प्रति जागरूक करने के साथ उनको मास्क भी दें। प्रदेश सरकार के आदेशों की पालना करते हुए पुलिस यातायात सुरक्षा जांच के दौरान लोगों को मास्क पहने के लिए जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि जब भी किसी कार्य के लिए आप घर से बाहर निकले तो उस समय अपने मुंह पर मास्क जरूर लगाएं। इस प्रकार आप अपना बचाव करने के साथ-साथ सामने वालों का भी बचाव कर सकते हैं। कोरोना महामारी प्रदेश में भी तेज फैल रही है। इस महामारी की चैन को तोड़ने के लिए प्रदेश सरकार का सहयोग करें।