आप कार्यकर्ताओं का स्नान के लिए हठयोग, पुलिस ने हिरासत में लिया
सूर्यग्रहण के मौके पर ब्रह्मसरोवर में स्नान करने की मांग पर अड़े आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया और शहर से दूर बाबैन थाना में ले जाकर साढ़े चार घंटे के बाद छोड़ दिया। इधर सत्ता सहयोगी जजपा पार्टी के विधानसभा पूर्व प्रत्याशी योगेश शर्मा ने भी बिना पास के प्रवेश करके ब्रह्मसरोवर में गोता लगाया और कोरोना महामारी से बचाव के लिए प्रार्थना की।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : सूर्यग्रहण पर ब्रह्मसरोवर में स्नान करने की मांग पर अड़े आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं हठ कर जाने लगे तो पुलिस ने सरोवर से करीब 300 मीटर दूर जाट धर्मशाला पर रोक लिया। मामला बिगड़ने लगा तो पुलिस ने जिलाध्यक्ष जवाहर लाल गोयल व सुमित हिदुस्तानी समेत पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। उनको शहर से करीब 20 किलोमीटर दूर बाबैन थाना में ले गए। उनको करीब साढ़े चार घंटे के बाद छोड़ा गया। इधर सत्ता सहयोगी जननायक जनता पार्टी के थानेसर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी योगेश शर्मा भी बिना पास के प्रवेश करके ब्रह्मसरोवर तक पहुंच गए। उन्होंने यहां पर जमकर गोते लगाए और कोरोना महामारी से बचाव के लिए प्रार्थना की। शहरवासियों में ब्रह्म सरोवर में स्नान करने पर रोष है और इसकी निदा की है। लोगों का कहना है कि शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया और बाहर से आने वाले लोगों के लिए घाटों पर सब व्यवस्था की गई।
आम आदमी पार्टी के जिला प्रधान जवाहर लाल गोयल, थानेसर विधानसभा से आप के पूर्व प्रत्याशी सुमित हिदुस्तानी व मेवाराम आर्य ने आरोप लगाया कि किसी भी स्थान पर दो-दो नियम नहीं होने चाहिए। एक तरफ सूर्यग्रहण के अवसर पर सत्ता पक्ष के नेता ब्रह्मसरोवर में स्नान कर रहे हैं और दूसरी तरफ आम आदमी को कर्फ्यू लगाकर घरों में रोका जा रहा है।
भाजपा के नेताओं को ब्रह्मसरोवर पर स्नान करने की अनुमति प्रदान कर दी, जबकि आम लोगों को कोरोना के नाम पर धारा 144 लगाकर स्नान करने से रोक कर दोहरे आचरण का प्रमाण दिया है। वे पहले ही गृह मंत्री और गृह सचिव पत्र लिखकर सूर्यग्रहण पर आम आदमी को भी स्नान करने की अनुमति मांग चुके थे।