हरियाणा के शाहाबाद में पुलिस ने नशा तस्करों को मुठभेड़ के बाद पकड़ा, 40 लाख की हेरोइन जब्त
शाहाबाद में पुलिस और नशा तस्करों के बीच दो बार मुठभेड़ हुई, जिसमें एक आरोपी गौरव गिरफ्तार हुआ और दूसरा संजू गोली लगने के बाद पकड़ा गया।

शाहाबाद में नशा तस्करों से दो बार मुठभेड़, 40 लाख का चिट्टा बरामद।
HighLights
पुलिस और नशा तस्करों के बीच दो बार मुठभेड़ हुई
40 लाख रुपये का 200 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया
एक आरोपी घायल हुआ, दूसरा गिरफ्तार कर लिया गया
जागरण संवाददाता, शाहाबाद। शाहाबाद में नशा तस्करी के आरोपितों और पुलिस के बीच सोमवार देर रात से मंगलवार सुबह तक दो बार मुठभेड़ हुई। पहली मुठभेड़ में पुलिस ने एक आरोपित गौरव को गिरफ्तार कर लिया, जबकि पुलिस टीम पर फायरिंग कर दूसरा आरोपित संजू खेतों की ओर फरार हो गया।
पुलिस ने पीछा करते हुए मंगलवार सुबह मारकंडा के पास उसे घेर लिया। आरोपित ने यहां भी पुलिस पर दो फायर किए। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया। घायल संजू को शाहाबाद स्थित आदेश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपितों की कार से करीब 40 लाख रुपये कीमत का 200 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) और संजू से एक देसी कट्टा बरामद किया है।
थाना शाहाबाद प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र सिद्दू ने बताया कि सोमवार रात 19 अक्टूबर को शहर शाहाबाद पुलिस चौकी प्रभारी पीएसआइ मांगे राम अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गांव जंधेड़ी निवासी गौरव और कैथल निवासी संजू कार में चिट्टा लेकर शाहाबाद की ओर आ रहे हैं। दोनों अनाज मंडी शाहाबाद के रास्ते नशीले पदार्थ की बिक्री करने पहुंच सकते हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जंधेड़ी रोड पर नहर के पास नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध कार आती दिखाई दी।
पुलिस ने कार रुकवाकर उसमें सवार आरोपितों को काबू करने का प्रयास किया तो कंडक्टर सीट पर बैठे युवक ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोली चलने के बावजूद पुलिस कर्मचारी बाल-बाल बच गया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपित को चेतावनी दी। इस दौरान फायरिंग करने वाला युवक खेतों की तरफ भाग निकला, जबकि पुलिस ने कार चालक गौरव को मौके पर ही काबू कर लिया।
कार से मिला 200 ग्राम चिट्टा
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें से 200 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसकी कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने गौरव को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मंगलवार सुबह मारकंडा के पास फिर मुठभेड़
पुलिस टीम फरार आरोपित संजू की तलाश में जुटी रही। मंगलवार अल सुबह पीएसआइ मांगे राम, उप निरीक्षक नरेश कुमार, राजेश कुमार, एएसआइ गजराज, प्रवीन कुमार और मुख्य सिपाही सार्जेंट की टीम को आरोपित मारकंडा के पास दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपित ने पुलिस टीम पर दोबारा दो फायर कर दिए।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली संजू की टांग में लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया। उसके कब्जे से एक देसी कट्टा बरामद किया गया। घायल संजू को उपचार के लिए आदेश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गौरव पर छह आपराधिक मामले दर्ज
थाना शाहाबाद प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र सिद्दू के अनुसार गिरफ्तार गौरव को अदालत में पेश किया गया है। उसके खिलाफ हिमाचल प्रदेश के अलावा कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद और बाबैन थानों में आर्म्स एक्ट व एनडीपीएस एक्ट के छह मामले दर्ज हैं। पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर नशा तस्करी के नेटवर्क और नशीले पदार्थ की सप्लाई के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
