कुरुक्षेत्र-पिहोवा रूट पर 61 दिन बाद चली बस, यात्री नहीं आए तो विधायक और रोडवेज कर्मचारी ने ली टिकट
यात्रियों को जागरूक करने के लिए विधायक समेत रोडवेज कर्मचारी बने यात्री किया सफर
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : लॉकडाउन के 61वें दिन रोडवेज की बस ट्रायल के रूप में कुरुक्षेत्र से पिहोवा के बीच चलाई गई। पहले दिन एक भी यात्री नहीं पहुंचा। ऐसे में सुबह 8 बजे निर्धारित समय पर बस रवाना नहीं की जा सकी। विधायक सुभाष सुधा 12:30 बजे डिपो में पहुंचे। उन्होंने यात्रियों में जागरूकता लाने के लिए खुद टिकट ली और फिर रोडवेज के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी पिहोवा तक बस में सफर किया। रोडवेज अधिकारी यात्रियों के न आने पर एक ही चक्कर बस का लगा सके। दूसरी बस पिहोवा से कुरुक्षेत्र नहीं चलाई जा सकी।
विधायक सुभाष सुधा, ब्लाक समिति के चेयरमैन देवी दयाल शर्मा समेत सभी 25 रोडवेज कर्मचारियों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। इसके बाद पिहोवा तक की 32-32 रुपये की टिकट कटवाई। विधायक ने यात्रियों को पिहोवा रूट पर सफर करने के लिए पुराना बस स्टैंड तक सफर किया।
विधायक ने कहा कि कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के कारण प्रदेश सरकार के आदेशानुसार 22 मार्च को बस सेवा बंद कर दी थी। 61 दिन के बाद ट्रायल के तौर पर कुरुक्षेत्र से पिहोवा और पिहोवा से कुरुक्षेत्र रूट पर सुबह, दोपहर और सायं तीन समय पर बस सेवा शुरू की गई हैं। इसके सफल होने के बाद जल्द ही कैथल रूट पर भी बस सेवा शुरू की जाएगी। इस मौके पर डिपो महाप्रबंधक अश्विनी डोगरा व भाजपा नेता बाबू राम टाया मौजूद रहे।
बस में सवार होने से पहले किए सैनिटाइज
विधायक समेत सभी 25 यात्रियों को बस में सवार होने से पहले गेट पर ही हाथ सैनिटाइज करवाए गए और थर्मल स्क्रीनिंग की गई। जिसके बाद ही सभी यात्रियों को बस में सवार होने दिया गया। यात्रियों ने मास्क लगाकर बस में सफर किया। रोडवेज को एक चक्कर 800 रुपये की आमदन हुई।