प्रेशर पाइप लीक होने से सदा-ए-सरहद बस हुई खराब
संवाद सहयोगी पिपली लाहौर से दिल्ली के बीच चलने वाली सदा-ए-सरहद बस शुक्रवार दोपहर बाद ि
संवाद सहयोगी, पिपली : लाहौर से दिल्ली के बीच चलने वाली सदा-ए-सरहद बस शुक्रवार दोपहर बाद पिपली पैराकीट मोटल में अचानक खराब हो गई। बताया जा रहा है कि प्रेशर पाइप लीक होने से बस में तकनीकी खराबी आई। जिससे पिपली में लोकल मिस्त्री से ठीक कराया गया। तकनीकी खराबी दुरुस्त होने पर करीब एक घंटे बाद सदा-ए-सरहद दिल्ली के लिए रवाना हुई।
शुक्रवार दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे लाहौर से दिल्ली जा रही सदा-द-सरहद बस पिपली पैराकीट में पहुंचने पर खराब हो गई। खराबी का कारण प्रेशर पाइप लीक होना बताया जा रहा है। बस के खराब होने से सुरक्षा कर्मियों में हड़कंप मच गया। सदर थाना पुलिस ने बस में आई तकनीकी खराबी को दुरुस्त कराने के लिए नजदीक के लोकल मिस्त्री से संपर्क किया। करीब आधे घंटे बाद प्रेशर पाइप की खराबी ठीक हो पाई। ऐसे में तकरीबन एक घंटे से ज्यादा यात्रियों को पिपली पैराकीट में रुकना पड़ा।
बताया जा रहा है कि लाहौर से आई पाकिस्तान बस में 10 यात्री सवार थे। जब तक बस ठीक नहीं हुई तक पिपली पैराकीट मोटल में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। करीब चार बजकर 50 मिनट पर बस दिल्ली की ओर रवाना हुई।
थाना सदर प्रभारी सूरज चावला ने बताया कि बस में कुछ तकनीकी खराबी आ गई थी। लोकल मिस्त्री की मदद से उसे तुरंत ठीक कराया गया। तकनीकी खराबी ठीक होने के बाद बस दिल्ली की ओर रवाना हो गई। बस दो पायलट सहित अतिरिक्त सुरक्षा बल की सुरक्षा में चल रही है। बाक्स
पुलवामा हमले के बाद बढ़ाई गई थी सदा-ए-सरहद की सुरक्षा पुलवामा हमले के बाद लाहौर व दिल्ली के बीच चलने वाली सदा-ए-सरहद बस सेवा को बंद करने की मांग ने जोर पकड़ा था। अमृतसर से लेकर दिल्ली तक बस को बंद करने को लेकर जगह-जगह विरोध प्रदर्शन हुए। विरोध को देखते हुए सदा-ए-सरहद की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। करीब एक माह से बस के साथ अतिरिक्त सुरक्षा बल चल रहा है।