अनाज मंडी से पहले दिन खरीदे धान तक का नहीं हुआ उठान, एसडीएम ने किया निरीक्षण
चालू सीजन में मंडियों से धान का उठान गति नहीं पकड़ पाया है। थानेसर मंडी में ही पहले दिन खरीदा धान तक का उठान नहीं हो पाया है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : चालू सीजन में मंडियों से धान का उठान गति नहीं पकड़ पाया है। थानेसर मंडी में ही पहले दिन खरीदा धान तक का उठान नहीं हो पाया है। ऐसे में मंडी में जगह नहीं बची है। किसान सड़कों और ब्रह्मसरोवर के चारों तरफ धान डालने को मजबूर हैं। इन सबके बीच एसडीएम अखिल पिलानी ने थानेसर अनाज मंडी का निरीक्षण किया। उन्होंने एजेंसियों को उठान तेज करने के निर्देश दिए।
उन्होंने किसानों व व्यापारियों से बातचीत की। इसके साथ खरीद, उठान और ट्रांसपोटेशन के कार्यों की अधिकारियों से फीडबैक ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को धान का उठान तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस कार्य को तेज करने की जरूरत है। अधिकारी ट्रांसपोर्टर के साथ तालमेल कर धान के उठान कार्य को शीघ्र पूरा कराना सुनिश्चित करें। थानेसर मंडी में 16 अक्टूबर तक 11853 किसानों की 1.36 लाख मीट्रिक धान की खरीद की है। इसमें से 94,562 मीट्रिक टन धान का उठान कार्य पूरा हो चुका है।
जिले में खरीदा 7.27 लाख एमटी धान
डीसी शरणदीप कौर बराड़ ने बताया कि मंडियों में धान की आवक काफी मात्रा में हो रही है। विभिन्न एजेंसियों ने अब तक 7.27 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा है। 5.45 लाख मीट्रिक टन धान का उठान किया जा चुका है। इसमें से फूड एंड सप्लाई विभाग ने 5.28 लाख, हैफेड ने 1.98 लाख और एफसीआई ने 240 मीट्रिक टन धान की खरीद की है।