सड़कों से धान का उठान तेज, अनाज मंडियों से धीमा
जिलेभर की अनाज मंडियों और 17 खरीद केंद्रों पर धान खरीद का कार्य जोर-शोर से चल रहा है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र :
जिलेभर की अनाज मंडियों और 17 खरीद केंद्रों पर धान खरीद का कार्य जोर-शोर से चल रहा है। खरीद एजेंसियों की ओर से 24 अक्टूबर तक ही जिला भर से 9.56 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद का कार्य पूरा कर लिया गया है। इस खरीदी गई धान में से 8.71 लाख मीट्रिक टन का उठान भी पूरा कर लिया गया है। इसके बावजूद अनाज मंडियां धान से अंटी पड़ी हैं। खरीद एजेंसियों की ओर से मंडियों के बाहर सड़कों पर पड़े धान के उठान को प्राथमिकता से उठाया जा रहा है। इसी प्राथमिकता के चलते जिला भर में मंडियों से बाहर इक्का-दुक्का जगहों पर ही धान बकाया पड़ा है।
जिलेभर में 24 अक्टूबर तक एक लाख 20 हजार 522 किसानों की धान खरीदी गई है। जिला खाद्य, नागरिक एवं आपूर्ति नियंत्रक कुशल पाल बूरा ने कहा कि नौ लाख 55 हजार 950 मीट्रिक टन धान खरीदी गई है। इस आवक में से फूड सप्लाई विभाग ने 7.22 लाख मीट्रिक टन, हैफेड ने 2.52 लाख मीट्रिक टन व एफसीआई की ओर से 469 मीट्रिक टन धान खरीदी गई हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक खरीदी गई धान में फूड सप्लाई विभाग ने 6.39 लाख मीट्रिक टन व हैफेड ने 2.31 लाख मीट्रिक टन धान के उठान का कार्य कर लिया है। ऐसे में अभी तक 8.71 लाख मीट्रिक टन धान का उठान कार्य पूरा हो चुका है।