विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुरुक्षेत्र के मोहड़ी के पास पेट्रोल पंप पर लूट का प्रयास, एक बदमश गिरफ्तार

Published: Sat, 03 Oct 2026 04:15 PM (IST)

कुरुक्षेत्र के मोहड़ी में पेट्रोल पंप पर लूट के इरादे से पहुंचे दो बदमाशों में से एक, अंबाला कैंट निवासी दलीप, को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पेट्रोल पंप के पास लूट का प्रयास (फाइल फोटो)

पेट्रोल पंप के पास लूट का प्रयास (फाइल फोटो)

HighLights

  1. मोहड़ी पेट्रोल पंप पर लूट के इरादे से पहुंचे थे बदमाश

  2. पुलिस ने एक आरोपी दलीप को देसी कट्टे संग दबोचा

  3. फरार दूसरे साथी की तलाश में पुलिस की दबिश जारी

जागरण, संवाददाता, कुरुक्षेत्र।  मोहड़ी के पास पेट्रोल पंप कर्मचारी पर देसी कट्टा तानने वाले दो में से एक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की पहचान अंबाला कैंट निवासी दलीप के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल देसी कट्टा और मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस अब उसकी तलाश में ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों बदमाश बुधवार रात करीब एक बजे मोटरसाइकिल से पेट्रोल पंप पर पहुंचे थे। दोनों ने पहले मोटरसाइकिल में पेट्रोल डलवाया। इसके बाद जब कर्मचारी ने पेट्रोल के पैसे मांगे तो दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान दलीप ने कर्मचारी पर देसी कट्टा तान दिया और पैसे देने की धमकी दी। बदमाशों ने कर्मचारी के सिर पर कट्टा तानकर जान से मारने की धमकी भी दी।

कर्मचारी ने दिखाई हिम्मत, बदमाशों को पकड़ने का प्रयास

बदमाशों के हाथ में हथियार होने के बावजूद पंप कर्मचारी ने हिम्मत दिखाई और दोनों को पकड़ने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख दोनों बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर वहां से भागने लगे।

कुछ दूरी पर उनकी मोटरसाइकिल फिसल गई और दोनों सड़क पर गिर गए। इस दौरान पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने पीछा कर दलीप को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।

रिमांड में मोटरसाइकिल और कट्टा बरामद

पुलिस ने दलीप को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और देसी कट्टा बरामद किया। पुलिस आरोपित से उसके फरार साथी के बारे में पूछताछ कर रही है।

साथी के ठिकाने पर भी दी दबिश

पुलिस दलीप को साथ लेकर उसके फरार साथी के ठिकानों पर भी दबिश दे रही है, लेकिन अभी तक उसका सुराग नहीं लगा है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपित की गिरफ्तारी के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दोनों ने पेट्रोल पंप को निशाना बनाने की योजना कैसे तैयार की थी और क्या वे इससे पहले भी किसी वारदात में शामिल रहे हैं। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।