दूसरे दिन भी सामूहिक अवकाश पर सफाई कर्मचारी
नगरपालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर मंगलवार को दूसरे दिन भी थानेसर नगर परिषद के सफाई कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर रहे।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र
नगरपालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर मंगलवार को दूसरे दिन भी थानेसर नगर परिषद के सफाई कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर रहे और नप कार्यालय के नीचे बैठकर नारेबाजी की। धरने की अध्यक्षता जिला प्रधान बनारसी ने की। हालांकि साढ़े 10 बजे ज्यादातर कर्मचारी कोरोना संकट को देखते हुए अपने काम पर लौट गए और ज्यादातर ने अपने क्षेत्रों में जाकर सफाई भी की। मगर इससे पहले तक थानेसर नगर परिषद अधिकारियों के माथे पर शहर को साफ कराने में पसीने छूट गए।
सर्व कर्मचारी संघ जिला प्रधान ओमप्रकाश व राज्य उप प्रधान नगर पालिका संघ सुभाष गुंसर ने कहा कि सरकार जान बूझकर विभागों को पूंजीपतियों के हाथों में सौंपकर कर्मचारियों व आम जनता का शोषण करने पर उतारू है। इसे बिल्कुल भी सहन नहीं किया जाएगा। जब तक सरकार कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान बातचीत से नहीं करती व मानी गई मांगों को लागू नहीं करती तब तक कर्मचारी अपनी आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि 6,7 व 8 जुलाई को हड़ताल की जाएगी। इसके बाद भी अगर सरकार कोई हल नहीं निकालती तो हड़ताल को अनिश्चितकालीन करने में भी देर नहीं लगाई जाएगी। ब्लॉक प्रधान सर्व कर्मचारी संघ आनंद सिंह, रोहताश, बलवान, पुष्पा, राजकुमारी, नरेश कुमार और कृष्ण ने प्रदर्शन किया। वहीं मुख्य सफाई निरीक्षक रूपरविद्र बिश्नोई ने कहा कि कर्मचारी सुबह साढ़े 10 बजे ही अपने काम पर लौट गए हैं। अब स्थिति सामान्य है।