एनआइटी मेस कर्मियों के समर्थन में उतरे कुवि के मेस वर्कर यूनियन के पदाधिकारी
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के (एनआइटी) मेस कल्याण कर्मचारी संघ ने दूसरे दिन वीरवार को भी अपनी मांगों को लेकर धरना दिया और प्रदर्शन किया।
- सुनवाई न होने पर मेस कर्मियों ने दूसरे दिन भी किया प्रदर्शन जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के (एनआइटी) मेस कल्याण कर्मचारी संघ ने दूसरे दिन वीरवार को भी अपनी मांगों को लेकर धरना दिया और प्रदर्शन किया। धरने प्रदर्शन के दूसरे दिन एनआइटी मेस कर्मियों को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की मेस वर्कर यूनियन ने भी अपना समर्थन दिया। प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे कुवि मेस वर्कर यूनियन के महासचिव सुभाष पारचा ने कहा कि एनआइटी प्रशासन मेस कर्मियों के हितों की अनदेखी कर रहा है। एनआइटी प्रशासन को चाहिए कि वह मेस कर्मियों से बातचीत करे और उनकी जायज मांगों को पूरा किया जाए। इससे पहले मेस कर्मियों ने छात्रावास नंबर चार में एकत्रित होकर धरना दिया और एनआइटी प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद मेस कर्मी प्रदर्शन करते हुए प्रशासनिक भवन के पास पहुंचे।
प्रशासन भवन के साथ लगते पार्क में एकत्रित मेस कर्मियों को संबोधित करते हुए मेस कल्याण कर्मचारी संघ के प्रधान प्रेम सिंह नेगी ने कहा कि एनआइटी प्रशासन पिछले कई माह से उनकी मांगों की अनदेखी कर रहा है। संघ के पदाधिकारियों ने कई बार चीफ वार्डन सहित अन्य अधिकारियों को अपनी मांगों से अवगत करवाया है। अधिकारियों ने उनकी मांगों को अनसुना किया है। इससे मेस कर्मियों में रोष है।
संघ की महासचिव अर्चना शुक्ला ने बताया कि मेस कर्मियों ने आम सभा में सर्वसम्मति से फैसला लिया है, जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी, तक तक उनका धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। इस मौके पर कुवि मेस वर्कर यूनियन से कोषाध्यक्ष अमन, उमा शंकर व मुन्ना मौजूद रहे।