किसी को बेवजह नहीं पकड़ा जाएगा : डॉ. मिश्रा
संवाद सहयोगी, इस्माईलाबाद : प्रदेश के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डॉ. आरसी मिश्रा ने कहा कि
संवाद सहयोगी, इस्माईलाबाद : प्रदेश के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डॉ. आरसी मिश्रा ने कहा कि झांसा के मामले में किसी को भी बेवजह नहीं पकड़ा जाएगा। अभी तक लोगों से केवल पूछताछ की जा रही है, ताकि मामले का सुराग लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि अकारण गिरफ्तार करने का सवाल ही नहीं है। वे गांव झांसा में खुद पहुंचे थे। उन्होंने झांसा एरिया में छानबीन की। यही नहीं मृतक युवक के घर तक पैदल मार्च किया।
मिश्रा ने कहा कि किशोरी के साथ ¨नदनीय घटना हुई है। वहीं युवक का इस हालत में मिलना बेहद सोचनीय है। उन्होंने कहा कि इस मामले की सभी परतें खोली जाएंगी। पुलिस अब गांव से ही जांच आगे बढ़ाएगी। मिश्रा ने कहा कि ग्रामीणों को भी जांच में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने बताया कि साइबर, डाग स्कवायड और क्राइम एक्सपर्ट की मदद से मामले की परतें खोली जाएंगी। यही नहीं इस मामले के प्रत्येक पहलू का पूरी तरह से अवलोकन किया जा रहा है। मिश्रा ने कहा कि कुरुक्षेत्र में ऐसी वारदात को लेकर पुलिस महकमा खुद जमीनी स्तर पर दिन रात एक कर मामले को सुलझाने में लगा हुआ है। मिश्रा ने कहा कि पुलिस अधिकारियों को किसी को भी बेवजह परेशान न करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि जींद व झांसा में जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। वहीं एसआईटी भी जांच में जुटी हुई है। उन्होंने बताया कि मामला जल्द खुलकर सामने आएगा। मिश्रा ने डाग स्क्वायड के साथ आसपास के एरिया में भी सर्च किया।