श्रीअमृतसर साहिब से शुरू हुए नगर कीर्तन का पिहोवा में भव्य स्वागत
श्रीगुरु तेग बहादुर साहिब के 400 साला प्रकाश पर्व को समर्पित महान नगर कीर्तन का पिहोवा में भव्य स्वागत किया गया। नगर कीर्तन के अभिनंदन में उमड़ी संगत ने गुरु साहिबान की ऐतिहासिक निशानियों के दर्शन कर स्वयं को पुण्य भागीदार बनाया।
संवाद सहयोगी, पिहोवा : श्रीगुरु तेग बहादुर साहिब के 400 साला प्रकाश पर्व को समर्पित महान नगर कीर्तन का पिहोवा में भव्य स्वागत किया गया। नगर कीर्तन के अभिनंदन में उमड़ी संगत ने गुरु साहिबान की ऐतिहासिक निशानियों के दर्शन कर स्वयं को पुण्य भागीदार बनाया। संगत ने पंज प्यारों को फूलों की माला व सिरोपा पहनाकर उत्साह व श्रद्धाभाव से उनका भी अभिनंदन किया।
एसजीपीसी की कार्यकारिणी समिति के मैंबर जत्थेदार हरभजन सिंह मसाना, शिरोमणि अकाली दल के हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष शरणजीत सिंह सोथा और धर्म प्रचार कमेटी सदस्य जत्थेदार तजिदरपाल सिंह लाडवा, एडिशनल सैकेटरी डा. परमजीत सिंह सरोहा, उप सचिव सुखबीर सिंह, एसजीपीसी सब ऑफिस प्रभारी परमजीत सिंह दुनियामाजरा, सिख मिशन हरियाणा प्रभारी एवं प्रसिद्ध कथावाचक ज्ञानी मंगप्रीत सिंह, सुपरवाइजर जरनैल सिंह ने गर्मजोशी से पुष्पवर्षा कर नगर कीर्तन में शामिल श्रीगुरु ग्रंथ साहिब महाराज के स्वरूप की सुंदर पालकी का स्वागत किया। जत्थेदार हरभजन सिंह मसाना ने बताया कि श्रीगुरु तेग बहादुर साहिब के 400 साला प्रकाश पर्व को समर्पित यह नगर कीर्तन 20 मार्च को श्रीअमृतसर साहिब से आरंभ हुआ था, जिसके बाद पंजाब के अलग-अलग शहरों से होते हुए अब यह महान नगर कीर्तन हरियाणा में पहुंचा है। बता दें कि यह महान नगर कीर्तन गुरुद्वारा कुरहाली साहिब पातशाही नौवीं नयां गांव (रामनगर) रात्रि ठहराव के बाद सोमवार को धरमेड़ी, टटिआणा, सपरहेड़ी, शहीदी मार्ग गुरुद्वारा साहिब पातशाही नौवीं चीका, गुरुद्वारा साहिब पातशाही छठी एवं नौंवी चीका, हरीगढ़, किगन, भागल से होते हुए गांव दीवाना, कराह साहिब पातशाही नौवीं, सैयाना सैदां, कांता फार्म पिहोवा पातशाही नौवीं बाऊली साहिब कुरुक्षेत्र चौक पहुंचा। इसके बाद नगर कीर्तन कैथल-अंबाला हाईवे, भेरियां, गुमथला गढू अड्डा से होकर कैथल के लिए रवाना हुआ।