जातिवाद और क्षेत्रवाद से हटकर सामाजिक सौहार्द का निर्माण करें : डॉ. प्रेमराज
यादव समाज सभा का वार्षिकोत्सव और प्रतिभा सम्मान समारोह सोमवार को शहर की यादव धर्मशाला में किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों शोधार्थियों और समाजसेवियों को सम्मानित किया गया।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : यादव समाज सभा का वार्षिकोत्सव और प्रतिभा सम्मान समारोह सोमवार को शहर की यादव धर्मशाला में किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों, शोधार्थियों और समाजसेवियों को सम्मानित किया गया।
महेंद्रगढ़ की यादव सभा के प्रधान डॉ. प्रेम राज ने कहा कि आज के भौतिकवादी समय में हमें जातिवाद और क्षेत्रवाद से हटकर सामाजिक सौहार्द को आगे रख सामाजिक निर्माण करना चाहिए। जाति के आधार पर धर्मशालाएं यदि ऐसी विचारधारा रखती हैं, तो न केवल देश का भविष्य उज्ज्वल होगा, बल्कि मानसिक विचारधारा भी सुधरेगी। यह समय की मांग है। विशिष्ट अतिथि फूल सिंह ने कहा कि आज समाज पहचान के संकट से गुजर रहा है और ऐसे समय में अपनी सामाजिक मर्यादाओं को बचाकर रखने का समय है। यादव धर्मशाला प्रबंधन समिति के प्रधान डॉ. अतुल यादव ने अतिथियों का स्वागत किया। महासचिव डॉ. जगदीश प्रसाद ने वार्षिक लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। बैठक में विपिन यादव को यादव समाज सभा का राज्य जनसूचना अधिकारी तथा सभा प्रधान डॉ. अतुल यादव को प्रथम प्राधिकरण अधिकारी नियुक्त किया गया। मुख्य वक्ता पोहप सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में हमें अपने बुजुर्गो की विचारधारा को जीवंत रखना चाहिए।
इन्हें किया गया सम्मानित
सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर प्रो. श्योताज सिंह पुरस्कार पोहप सिंह यादव को दिया गया, जबकि डॉ. जेएस यादव मेमोरियल पुरस्कार हरियाणा अभिलेखागार की उपनिदेशक मंजू यादव को दिया गया। सुंदर सिंह यादव तथा सुरेंद्र सिंह यादव को सेवानिवृत्त डॉ. जेएस यादव पुरस्कार दिया गया। मेधावी विद्यार्थियों में तनीक्ष यादव, मुस्कान, अविरल, खुशी, आकांक्षा और कमल को पुरस्कृत किया गया। जगाधरी-यमुनानगर यादव धर्मशाला की प्रबंधन सभा के प्रधान जयप्रकाश यादव, स्वामी चैतन्य महाराज, महेंद्र सिंह प्रधान कैथल यादव सभा, सोनीपत से दयाचंद यादव, महेंद्रगढ़ से कैप्टन रोहताश सिंह, फूल सिंह यादव पंचकूला ने समारोह में हिस्सा लिया। इतिहास एवं अंग्रेजी विषयों में प्राध्यापक के रूप में चयन होने पर जिला महेंद्रगढ़ के गांव खटोटी निवासी डॉ. नीरज और उनकी पत्नी डॉ. ललिता, झज्जर जिले के मुंडाहेड़ा गांव निवासी मंजू यादव को डॉ. जेएस यादव मेमोरियल फाउंडेशन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के शोधार्थी पंकज, प्रदीप और राजपाल को भी सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय स्तर के शतरंज खिलाड़ी महेंद्रगढ़ के राहुल यादव का भी सम्मानित किया।
दक्षिणी हरियाणा छात्र कल्याण परिषद का हुआ गठन
यादव समाज सभा की बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया गया कि यादव सभा कुरुक्षेत्र के तत्वावधान में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में क्षेत्र के विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों को ध्यान में रखते हुए दक्षिणी हरियाणा छात्र कल्याण परिषद का गठन किया जाए। इस संबंध में यादव सभा के अध्यक्ष परिषद के पदेन संरक्षक होंगे तथा अन्य पदाधिकारियों का चयन सर्वसम्मति से किया जाएगा।