मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने क्रांति संग्रहालय का उद्घाटन किया
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में बने 1857 के स्वतंत्रता सेनानियों को समर्पित संग्रहालय का आखिरकार बुधवार को उद्घाटन हो गया। साल 2008 में इसी संग्रहालय का शिलान्यास यूपीए की चेयरपर्सन सोनिया गांधी ने किया था। इसके बाद संग्रहालय का निर्माण लटक गया था। इसके बाद साल 2019 की शुरुआत में 11 जनवरी को संग्रहालय के उद्घाटन की तैयारियां की गई थी।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में बने 1857 के स्वतंत्रता सेनानियों को समर्पित संग्रहालय का आखिरकार बुधवार को उद्घाटन हो गया। साल 2008 में इसी संग्रहालय का शिलान्यास यूपीए की चेयरपर्सन सोनिया गांधी ने किया था। इसके बाद संग्रहालय का निर्माण लटक गया था। इसके बाद साल 2019 की शुरुआत में 11 जनवरी को संग्रहालय के उद्घाटन की तैयारियां की गई थी। इसके लिए तत्कालीन शिक्षा मंत्री राम बिलास शर्मा को पहुंचना था, लेकिन वह किसी कारण वश नहीं पहुंच सके। इसके बाद अब बुधवार को शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने इस संग्रहालय का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में 1857 के स्वतंत्रता सेनानियों को समर्पित भव्य संग्रहालय देश के स्वतंत्रता सेनानियों के गौरव व बलिदान का सम्मान है। आने वाली पीढि़यां इस संग्रहालय के माध्यम से 1857 की शौर्य गाथा को न केवल याद कर सकेंगी बल्कि अपनी आने वाली पीढि़यों को प्रेरित कर सकेंगी। उन्होंने लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत से 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम को समर्पित संग्रहालय व 5.48 करोड़ की लागत से बनी शूटिग रेंज का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि 1857 के शहीदों को समर्पित शायद ही देश में कोई संग्रहालय हो। विश्वविद्यालय में इस तरह के संग्रहालय बेहद ही जरूरी हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि विवि में 5.48 करोड़ की लागत से बनी शूटिग रेंज बनने से विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं खिलाड़ियों को मिलेंगी। कुवि के कुलपति डॉ. कैलाश चंद्र शर्मा ने शिक्षा मंत्री कंवरपाल का आभार प्रकट करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में हरियाणा उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उनके नेतृत्व में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। कुवि हरियाणा में उच्च शिक्षा को दिशा देने में हमेशा अग्रणी रहा है। उनके नेतृत्व में इस मुहिम को अब ओर अधिक आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शूटिग रेंज के बनने से खेल के क्षेत्र में विद्याíथयों को नई सुविधाएं मिलेंगी जिससे कुवि के खिलाड़ी प्रदेश का नाम विश्व में रोशन कर सकेंगे। इस मौके पर डीसी डॉ. एसएस फुलिया, कुलसचिव डॉ. नीता खन्ना, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. पवन शर्मा, डीन एकेडमिक अफेयर प्रो. मंजुला चौधरी, प्रो. दिनेश राणा, कुटा प्रधान डॉ. संजीव शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मवीर मिर्जापुर मौजूद रहे।