कुरुक्षेत्र की धरती से जन आशीर्वाद यात्रा के दूसरे चरण पर निकले मनोहर
18 अगस्त को कालका से शुरू हुई मुख्यमंत्री मनोहर लाल की जन आशीर्वाद यात्रा का पहला चरण पूरा हुआ। दूसरे चरण की शुरुआत सीएम ने धर्मनगरी में 225 करोड़ रुपये रेलवे एलिवेटेड ट्रैक का शिलान्यास करके की।
पंकज आत्रेय, कुरुक्षेत्र : 18 अगस्त को कालका से शुरू हुई मुख्यमंत्री मनोहर लाल की जन आशीर्वाद यात्रा का पहला चरण पूरा हुआ। दूसरे चरण की शुरुआत सीएम ने धर्मनगरी में 225 करोड़ रुपये रेलवे एलिवेटेड ट्रैक का शिलान्यास करके की। मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश के इतिहास में पहली बार आमजन का आशीर्वाद लेने के लिए कोई यात्रा लोगों तक पहुंच रही है। पहले चरण में 18 विधानसभा क्षेत्रों को कवर किया गया। इस यात्रा ने प्रदेश की फिजा बदलने का काम किया और मेहनत, ईमानदार और भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाने वाली सरकार का संदेश आम नागरिक तक पहुंचा है।
बृहस्पतिवार को दूसरे चरण की जन आशीर्वाद यात्रा का कुरुक्षेत्र के लाडवा विधानसभा क्षेत्र के आखिरी गांव उमरी में पड़ाव हुआ। यहां पर सांसद नायब सिंह सैनी व लाडवा विधायक डॉ. पवन सैनी के साथ-साथ बड़ी संख्या में लोगों ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को रवानगी दी।
इसी पड़ाव पर उन्हें रिसीव करने के लिए नगर निकाय मंत्री कविता जैन, राज्यमंत्री कर्णदेव कांबोज, करनाल से सांसद संजय भाटिया पहुंच चुके थे, जिन्होंने यात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पहली बार भाजपा की बहुमत वाली सरकार बनी। इसने अपने वचन को पूरा करते हुए भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों का दलालों सहित सफाया करने का काम किया। सरकार ने अपने कार्यकाल में कई क्रांतिकारी परिवर्तन किए और पंचायतों और नगरपालिकाओं में शैक्षणिक योग्यता को अनिवार्य करने का काम किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने लोगों के आशीर्वाद से प्रदेश की कार्यप्रणाली को बदलने का काम किया। इस प्रदेश में अंग्रेजों की तरह फूट डालकर लोगों पर राज करने वालों को सही आईना दिखाया है। सरकार ने हरियाणा एक-हरियाणवी एक की नीति को आधार बनाया और सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में समान रूप से विकास कराया।