ज्योतिसर थीम पार्क में आधुनिक तकनीकी से नजर आएगी महाभारत
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : गीतास्थली ज्योतिसर में श्रीकृष्णा सर्किट के तहत थीम पार्क में आधुनिकतम तकनीकी से महाभारत के साथ-साथ कुरुक्षेत्र के इतिहास तमाम यादगार लम्हों को दिखाया जाएगा।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : गीतास्थली ज्योतिसर में श्रीकृष्णा सर्किट के तहत थीम पार्क में आधुनिकतम तकनीकी से महाभारत के साथ-साथ कुरुक्षेत्र के इतिहास तमाम यादगार लम्हों को दिखाया जाएगा। इसके लिए थीम पार्क में पांच हाल बनाए जाएंगे, जिनमें आधुनिकतम तकनीकी का प्रयोग करके महाभारत और कुरुक्षेत्र को दिखाया जाएगा। ज्योतिसर में मेडिटेशन सेंटर का भी निर्माण किया जाएगा।
शुक्रवार को डीसी एसएस फुलिया ने ज्योतिसर में श्रीकृष्णा सर्किट के तहत चल रहे निर्माण और लाइट और साउंड निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इससे पहले डीसी, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा सहित अन्य अधिकारियों ने सबसे पहले टिलडा कंपनी द्वारा करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे लाइट एंड साउंड प्रोजेक्ट का अवलोकन किया। इसके लिए कंट्रोल रुम, फांउडेशन सहित अन्य निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इसके बाद श्रीकृष्णा सर्किट के तहत बनाए जा रहे पांच हाल, मेडिटेशन हाल, थीम पार्क सहित अन्य निर्माण की फीडबैक रिपोर्ट हासिल की।
उन्होंने कहा कि गीता स्थली ज्योतिसर को एक विश्व पर्यटन स्थल के रुप में विकसित करने का काम सरकार द्वारा किया जा रहा है। इस स्थल को दर्शनीय स्थल बनाने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल निरंतर फीडबैक रिपोर्ट हासिल कर रहे हैं। इसलिए श्रीकृष्णा सर्किट के तहत चल रहे निर्माण कार्यो को निर्धारित समयावधि में पूरा करना होगा। सभी अधिकारी निर्माण कार्य की गुणवता पर भी विशेष ध्यान देंगे तथा निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जब ज्योतिसर में निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा तो आधुनिक तकनीकी से महाभारत कुरुक्षेत्र के इतिहास के साथ-साथ पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेशों को भी दिखाया जाएगा। इससे युवा पीढ़ी को मार्गदर्शन मिलेगा, जब युवा पीढ़ी सही मार्ग पर आगे बढ़ेगी तो निश्चित की प्रदेश प्रगति की राह पर तेज गति से आगे बढ़ेगा।