कुवि प्रशासन पर कुंटिया पदाधिकारियों ने लगाया अड़ियल रवैये का आरोप
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय गैर शिक्षक कर्मचारी संघ की कार्यकारिणी
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय गैर शिक्षक कर्मचारी संघ की कार्यकारिणी ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर कर्मचारियों की मांगों को लेकर अड़ियल रवैया अपनाने का आरोप लगाया है।
पदाधिकारियों ने कहा कि कुवि प्रशासन की ओर से रूटीन कार्यो में भी जानबूझकर अड़ंगा अड़ाया जा रहा है। जिससे कर्मचारियों का मनोबल गिर रहा है। कर्मचारियों ने प्रशासन को चेताया कि अगर उनकी मांगों को 28 फरवरी तक पूरा नहीं किया गया तो वे 2 मार्च से पूर्ण हड़ताल पर चले जाएंगे। कुंटिया कार्यकारिणी मंगलवार को प्रशासन के साथ मांगों पर हुई बैठक के बाद मांगपत्र की समीक्षा कर रही थी।
कुवि गैर शिक्षक कर्मचारी संघ के प्रधान रामकुमार गुर्जर और महासचिव डॉ. दीपक शर्मा ने कहा कि कुंटिया की ओर से कुंटिया के 33 सूत्रीय मांगपत्र के बारे में प्रशासन से बातचीत की थी। उन्होंने मांगपत्र पर विश्वविद्यालय प्रशासन के नकारात्मक एवं अडि़यल रवैये की कड़वे शब्दों में आलोचना की। प्रशासन एसएफएस की सभी मांगों एवं विश्वविद्यालय पुस्तकालय में वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति के बारे में अड़ियल रवैया अपना रहा है। जिसे कुंटिया बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने बताया कि प्रशासन जानबूझ कर रूटीन की पदोन्नतियों में भी अड़ंगा डाल रहा है, जबकि विश्वविद्यालय में शुरू से ही वरिष्ठता के आधार से पदोन्नतियां होती आई हैं। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन को दो महीने पहले कुंटिया का मांगपत्र दे दिया गया था, लेकिन प्रशासन ने उसे गंभीरता से नही लिया और कुंटिया को बातचीत के लिए बुलाने में ही इतना लंबा समय लगा दिया। उन्होंने प्रशासन को सचेत करते हुए कहा कि पूरे हरियाणा में 7वां वेतन आयोग लागू हो चुका है, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा इसे लागू करवाने में कोई भी प्रयास नहीं किए गए, जबकि कुंटिया इस बारे में भरसक प्रयास कर रही है।
उन्होंने बताया कि अगर विश्वविद्यालय प्रशासन 28 फरवरी तक सातवें वेतन आयोग एवं कुटियां की मुख्य मांगों पर कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं करता तो कुंटिया भी आगामी 2 मार्च को अपनी जनरल बाडी की बैठक बुलाकर प्रशासन से आर पार की लड़ाई लड़ने के लिए बिल्कुल तैयार है।
कुंटिया महासचिव डॉ. दीपक शर्मा ने प्रशासन के रवैये की आलोचना की व स्पष्ट किया कि कुंटिया की मांगें कुंटिया का मान सम्मान है। इस अवसर पर वरिष्ठ उप प्रधान चंद्रपाल, उप प्रधान विष्णु नाथ, सह सचिव पवन कुमार, खंजाची अनूप ¨सह, प्रेस सचिव सुरेंद्र मलिक व सभी कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे।