जल शक्ति अभियान में एक पायदान लुढ़क कर प्रदेश में दूसरे नंबर पर पहुंचा कुरुक्षेत्र
जल शक्ति अभियान में 15 दिन पहले प्रदेशभर में पहले स्थान पर चल रहा कुरुक्षेत्र सोमवार को एक पायदान लुढ़ककर दूसरे रैंक पर आ गया। हालांकि देशभर के 254 जिलों में कुरुक्षेत्र की रैंकिग में सुधार हुआ है। 20वें रैंक से चार अंक छलांग लगाते हुए 15वें नंबर पर जगह बनाई है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र :
जल शक्ति अभियान में 15 दिन पहले प्रदेशभर में पहले स्थान पर चल रहा कुरुक्षेत्र सोमवार को एक पायदान लुढ़ककर दूसरे रैंक पर आ गया। हालांकि देशभर के 254 जिलों में कुरुक्षेत्र की रैंकिग में सुधार हुआ है। 20वें रैंक से चार अंक छलांग लगाते हुए 15वें नंबर पर जगह बनाई है। रैंकिग खिसकने पर डीसी डॉ. एसएस फुलिया ने अभियान के लिए बाकी छह दिनों में एडी चोटी के जोर लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों के सामने साफ किया कि 15 सितंबर तक लगातार इस अभियान की सभी गतिविधियों को गति देकर रखनी है।
कृषि विज्ञान मेलों में आई तेजी
26 अगस्त को हुई समीक्षा बैठक में यह बात सामने आई थी कि कृषि विज्ञान मेलों के क्षेत्र में कम काम हुआ है। ऐसे में डीसी ने कृषि विभाग से जुड़े अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए तो इन 15 दिनों में उन्होंने अपनी गतिविधियों को तेज किया। इसके बाद जिला इस अभियान की सभी गतिविधियों में बेहतर हुआ और राष्ट्रीय स्तर पर रैंकिग में चार अंक का सुधार हुआ।
---
साढ़े छह लाख के लगभग पौधारोपण और सात हजार सोख्ता गड्ढे
जिला परिषद के डिप्टी सीईओ शंकर गोयल ने बताया कि अभियान के तहत जिले में अब तक साढ़े छह लाख के लगभग पौधे रोपित किए गए हैं। इसी तरह पानी बचाने के लिए गांवों में सात हजार से अधिक सोख्ता गड्ढे तैयार करवाए गए हैं। साथ ही वाटर रिचार्ज बोरवेल लगाने की दिशा में भी अच्छा कार्य हुआ है। कृषि विज्ञान मेले भी लगातार लगाए जा रहे हैं।