विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुरुक्षेत्र में खेत में खंभे लगाने के विरोध में किसान ने खुद को लगाई आग, 50 प्रत​शित तक झुलसा

Published: Wed, 21 Oct 2026 11:37 PM (IST)

कुरुक्षेत्र के धुराला गांव में एक किसान ने खेत में बिजली के खंभे लगाने का विरोध करते हुए खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया।

खेत में बिजली के खंभे लगाने का विरोध, किसान ने खुद को लगाई आग।

खेत में बिजली के खंभे लगाने का विरोध, किसान ने खुद को लगाई आग।

HighLights

  1. किसान ने बिजली खंभे लगाने के विरोध में आत्मदाह का प्रयास किया।

  2. घटना में किसान 50 प्रतिशत झुलसा, बहन भी घायल हुई।

  3. बिजली निगम ने मंत्री के निर्देश पर खंभे लगाने की बात कही।

जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। जिले के गांव धुराला में एक किसान ने खेत में बिजली के खंभे लगाने के विरोध में खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। इससे किसान के शरीर का 50 प्रतिशत हिस्सा आग से झुलस गया।

घटना के बाद थाना झांसा पुलिस ने घायल किसान को इलाज के लिए लोकनायक जयप्रकाश पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रेफर कर दिया है। इस घटना में आग बुझाने के प्रयास में किसान की बहन के भी हाथ जल गए हैं।

किसान ने बिजली निगम के अधिकारियों पर बार-बार जबरदस्ती उसके खेत में बिजली के खंभे लगाने के आरोप लगाए हैं। गांव धुराला के किसान रमेश कुमार ने बताया कि उन चार भाइयों के हिस्से में आधा-आधा एकड़ जमीन आती है।

उसके भाई जगपाल सिंह के हिस्से की जमीन पर बिजली निगम पहले ही चार खंभे लगा चुका है। अब उसके खेत के ऊपर से 33 हजार और 11 हजार केवी की बिजली लाइन गुजारी जा रही है। इसके लिए निगम जगपाल के खेत में तीन और खंभे लगाना चाहता है।

जगपाल ने अदालत में किया है केस

अपने खेत में बिजली के खंभे लगाने से रोक लगाने के लिए जगपाल ने अदालत में भी केस दायर किया है। बताया जा रहा है कि इस पर चार नवंबर को सुनवाई होनी थी। वहीं बिजली निगम के अधिकारी बुधवार को ही जबरदस्ती खेत में खंभे लगाने लगे।

जगपाल ने कहा कि खेत में पहले से बिजली के चार खंभे होने के कारण खेती करने में परेशानी होती है। अब तीन और खंभे लगाए जाने से खेत में फसल के लिए जगह और कम हो जाएगी।

पुलिस को लेकर पहुंचे बिजली कर्मचारी

रमेश ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे बिजली निगम के कर्मचारी पुलिस को साथ लेकर जगपाल सिंह के खेत में पहुंचे और खंभे गाड़ने लगे। इसकी सूचना मिलने पर जगपाल भी परिवार के साथ खेत में पहुंच गया और खंभे लगाने का विरोध किया। कर्मचारियों के नहीं मानने पर जगपाल पेट्रोल लेकर आया और खुद को आग लगा ली। उसे बचाने के प्रयास में उसकी बहन प्रीतो के हाथ भी झुलस गए।

लाइन ठीक करने के लिए लगाए जा रहे थे खंभे

गांव अजराना कलां पावर हाउस के एसडीईओ संदीप कुमार ने बताया कि मामले में कोर्ट की ओर से कोई स्टे नहीं है। जगपाल का अपने पड़ोसी के साथ केस चल रहा है। उसके पड़ोसी के घर की बिजली सप्लाई ठीक नहीं थी। इस वजह से वह ऊर्जा मंत्री अनिल विज के सामने पेश हुआ था। इसके बाद मंत्री ने जगपाल के खिलाफ कार्रवाई करने और बिजली लाइन ठीक करने के निर्देश दिए थे।

उन्होंने कहा कि मंत्री के निर्देश पर पुलिस को साथ लेकर बिजली निगम की टीम दो खंभे लगाने पहुंची थी। करीब 99 प्रतिशत काम पूरा हो चुका था। इसी दौरान अचानक जगपाल सिंह वहां आया और खुद को आग लगा ली।

मामले की जांच शुरू

थाना झांसा प्रभारी कुलबीर कौर ने बताया कि बिजली निगम की टीम के साथ पुलिस गई थी। निगम की ओर से पुलिस की मदद मांगी गई थी, इसलिए पुलिस टीम साथ गई थी।