अव्यवस्था के चलते कुरुक्षेत्र प्रदूषित शहरों की श्रेणी में पहुंचा : अरोड़ा
पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक अरोड़ा ने कहा है कि धर्मगनरी कुरुक्षेत्र देश के सबसे प्रदूषित पांच शहरों में शामिल हो गया है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक अरोड़ा ने कहा है कि धर्मगनरी कुरुक्षेत्र देश के सबसे प्रदूषित पांच शहरों में शामिल हो गया है। इसमें अकेला पराली जलाना नहीं बल्कि पिपली से थर्ड गेट तक अधूरी पड़ी सड़क से उड़ने वाली धूल भी बड़ा कारण है।
उन्होंने ये बात बुधवार को अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र में बढ़ रहे प्रदूषण से अनेक लोग बीमार हो रहे हैं और जनता का जीना दुभर हो गया है। सरकार पिपली से विश्वविद्यालय के थर्ड गेट तक उखाड़ी गई सड़क का निर्माण नहीं करा पाए हैं। सड़क से धूल मिट्टी लगातार उड़कर पर्यावरण प्रदूषित कर रही है। मोहननगर, आंबेड़कर चौक, बिरला मंदिर सहित अनेक स्थानों पर मार्केट है। इससे दुकानदारों का काम धंधा भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार सड़क निर्माण को लेकर गंभीर नहीं है। विधायक लोगों के विरोध करने पर पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को फटकार लगाकर दिखावा कर देते हैं। जबकि अधिकारी व ठेकेदार सड़क निर्माण को लेकर इतने गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। यहां आने वाले पर्यटकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।