युद्ध जैसी स्थिति में मोर्चे पर डटे कर्मचारियों का कुलपति ने किया अभिनंदन
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. नीता खन्ना ने लॉकडाउन के दौरान अपनी ड्यूटी निभा रहे सफाई कर्मियों स्वास्थ्य सुरक्षा और होर्टिकल्चर कर्मचारियों का अभिनंदन किया।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. नीता खन्ना ने लॉकडाउन के दौरान अपनी ड्यूटी निभा रहे सफाई कर्मियों, स्वास्थ्य, सुरक्षा और होर्टिकल्चर कर्मचारियों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि वैश्विक महामारी के संक्रमण चक्र को तोड़ने और इससे बचाव के लिए विवि के स्वास्थ्य, सफाई और सुरक्षा कर्मचारी पूरी निष्ठा से ड्यूटी दे रहे हैं। इसी का परिणाम है कि यह क्षेत्र इस संकट से बच सका है। उन्होंने सभी को गुलाब के फूल भेंटकर अभिनंदन किया।
कुलपति ने कहा कि ऐसे समय में लॉकडाउन के दौरान जब सभी अपने घरों में बंद हैं। उस समय स्वास्थ्य कर्मी व सफाई कर्मचारी आगे आकर समाज व देश के हित के लिए कार्य कर रहे हैं। उनके इस कार्य के लिए उनका समाज की तरफ से अभिनंदन जरूरी है। संकट के समय में जो कर्मचारी आगे खड़े रहते हैं वे ही सबसे बड़े रक्षक हैं। कुलपति ने मुख्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. सीआर जिलोवा को बधाई देते हुए कहा कि संकट के समय में उन्होंने अपना कर्तव्य बखूबी निभाया है। सभी कर्मचारियों ने निष्ठा के साथ अपने कर्तव्य का निर्वहन किया है। इस अवसर पर स्वास्थ्य केंद्र के प्रशासक प्रो. अनिल मित्तल, डॉ. आशीष अनेजा, सैनिटेशन एवं होर्टिकल्चर विभाग के इंचार्ज प्रो. नरेंद्र सिंह, कुलपति के ओएसडी राजकुमार सरदाना व विनोद कुमार मौजूद रहे।