राष्ट्रीय युवा महोत्सव में कुवि टीम का पांच पुरस्कारों पर कब्जा
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की टीम ने राष्ट्रीय युवा महोत्सव में पांच पुरस्कार जीतकर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र :
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की टीम ने राष्ट्रीय युवा महोत्सव में पांच पुरस्कार जीतकर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। एमिटी यूनिवर्सिटी नोएडा में आयोजित इस महोत्सव में विवि की टीम ने इंडियन ग्रुप सॉन्ग में पहला और वेस्टर्न इंस्ट्रूमेंटल में दूसरा स्थान हासिल किया है। इस महोत्सव में पहली बार विश्वविद्यालय की टीम ने वेस्टर्न म्यूजिक में भी खिताब को अपने नाम किया है।
युवा सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के निदेशक प्रो. तेजेंद्र शर्मा ने बताया कि कुवि की टीम ने नोएडा के एमिटी विश्वविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय युवा महोत्सव में पांच पुरस्कार जीते हैं। म्यूजिक इवेंट्स में कुवि ने इंडियन ग्रुप सॉन्ग में पहला, वेस्टर्न इंस्ट्रूमेंटल में दूसरा और वेस्टर्न ग्रुप सॉन्ग में तीसरा स्थान हासिल किया। विश्वविद्यालय वेस्टर्न म्यूजिक में भी खिताब अपने नाम करने में सफल रहा है। विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय युवा महोत्सव में नए यातायात नियमों के विषय पर स्किट में तीसरा स्थान हासिल किया। योगशास्त्र में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस महोत्सव में देशभर से 93 विश्वविद्यालयों की टीमों ने भाग लिया। पुरस्कार प्राप्त करने वालों में उप-निदेशक डॉ. हितेंद्र त्यागी, डॉ. राजेंद्र राणा, प्रिसिपल एसडी कॉलेज अंबाला डॉ. मधु गौतम, आर्य पीजी कॉलेज पानीपत के डॉ. रामनिवास और डॉ. हरविदर राणा शामिल हुए। कुलपति डॉ. कैलाश चंद्र शर्मा ने टीम को इस प्रदर्शन के लिए बधाई दी है।