कृष्ण बेदी ने माजरी मोहल्ला में लोगों की समस्याएं सुनी
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि वास्तव में नेताओं का अपना एजेंडा होता है और मीडिया का अपना। जनता का एजेंडा ही वास्तविक एजेंडा है जिसका संदेश है कि उसे भ्रष्टाचारी नौकरियां बेचने वाला तथा किसानों की जमीने बेचने वाला मुख्यमंत्री नहीं चाहिए बल्कि उसे तो छोटे से छोटे पार्टी कार्यकर्ता का सम्मान करने वाला मुख्यमंत्री चाहिए जो है मनोहर लाल खट्टर।
संवाद सहयोगी, शाहाबाद: सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि वास्तव में नेताओं का अपना एजेंडा होता है और मीडिया का अपना। जनता का एजेंडा ही वास्तविक एजेंडा है, जिसका संदेश है कि उसे भ्रष्टाचारी, नौकरियां बेचने वाला तथा किसानों की जमीने बेचने वाला मुख्यमंत्री नहीं चाहिए, बल्कि उसे तो छोटे से छोटे पार्टी कार्यकर्ता का सम्मान करने वाला मुख्यमंत्री चाहिए जो है मनोहर लाल खट्टर। उन्होंने कहा कि अगर किसी को भाजपा का जनाधार देखना है तो शाहाबाद क्षेत्र में आकर देखें जहां 104 ग्राम पंचायतों में से 90 ग्राम पंचायतें भाजपा समर्थित हैं और जहां भाजपा की नीतियों व कार्यक्रमों को सराहा जाता है। बेदी माजरी मोहल्ला क्षेत्र में पहुंचे थे। जहां उन्होंने पैदल पहुंचकर विकास कार्यों का जायजा लिया तथा जनता की समस्याएं सुनी। इस अवसर पर नपा प्रधान बलदेव राज चावला, पार्षद बलदेव राज सेठी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष मुलखराज गुंबर, पार्षद पति जोगिद्र रत्ता, डॉ.नरेंद्र बंसल एवं विजय ठुकराल काली भी मौजूद थे। राज्यमंत्री ने कहा कि वह वास्तव में नीयत साफ-काम रास, नीयत खोटी-न दाल न रोटी कर्म में विश्वास रखते हैं और बिना लोभ लालच के अपनी क्षमता से ज्यादा कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए कोई राजनीतिक दल चुनौती नहीं है और भाजपा 75 प्लस के लक्ष्य को प्राप्त करने को कृतसंकल्प है। उनके कार्यकाल में 1500 करोड़ रुपये क्षेत्र के विकास पर खर्च हुए हैं।