उद्घाटन के मौके तक तैयारियों को नहीं निपटा पाया केडीबी प्रशासन
ब्रह्मासरोवर के घाट पर शनिवार से अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2019 के क्राफ्ट मेले का शुभारंभ होना है लेकिन इससे दो दिन पहले तक भी कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड तैयारियों को अंतिम रूप नहीं दे पाया है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र :
ब्रह्मासरोवर के घाट पर शनिवार से अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2019 के क्राफ्ट मेले का शुभारंभ होना है, लेकिन इससे दो दिन पहले तक भी कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड तैयारियों को अंतिम रूप नहीं दे पाया है। क्राफ्ट मेले के शुभारंभ से दो दिन पहले ही हालात ऐसे हैं कि पर्यटकों और आमजन को ब्रह्मासरोवर तक पहुंचने में भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। ब्रह्मासरोवर की ओर जाने वाले दोनों ओर के रास्तों के साथ बनी फुटपाथ पर काम चल रहा है। ऐसे में सड़क पर भी निर्माण सामग्री के ढेर लगे हुए हैं। यह सब एन मौके पर करने से लोगों में केडीबी प्रशासन के प्रति भारी रोष है। लोगों का कहना है कि अक्सर केडीबी प्रशासन एन मौके पर सड़कों पर तोड़-फोड़ शुरू करता है, जबकि गीता जंयती हर साल मार्गशीर्ष माह की एकादशी को ही मनाई जाती है। इतना ही नहीं ब्रह्मासरोवर के चारों ओर पाíकंग और यहां तक की घाटों पर बने स्टालों में कई जगह काम पूरा नहीं हो पाया है।
---
अर्जुन चौक के पास उखाड़ा फुटपाथ
अर्जुन चौक के पास ही पिछले कई दिनों से फुटपाथ को उखाड़ा गया है। इस फुटपाथ पर पुराने पत्थरों को हटाकर नए लगाए जा रहे हैं। ऐसे में सड़क पर ही निर्माण सामग्री के ढेर लगे पड़े हैं। इसके चलते वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ रही हैं। दूसरी ओर बिरला मंदिर की ओर से आने वाले रास्ते पर भी हालात ठीक नहीं हैं। इस रास्ते पर भी फुटपाथ के पत्थर उखाड़े हुए हैं।
---
पाíकंगों में भी कई जगह चल रहा काम
महोत्सव के दौरान ब्रह्मासरोवर के पूर्वी किनारे पर मुख्य पंडाल और झूले आदि लगाए जाते हैं। इस जगह पर कई जगह कूड़े के ढेर लगे पड़े हैं। ऐसा भी नहीं है कि यह हालात पहली बार हो रहे हों। महोत्सव के दौरान हर साल इसी तरह के हालात बनते हैं। केडीबी अधिकारियों ने इस ओर जल्द ध्यान दिए जाने की बात कही है।