करनाल के युवक की अमेरिका में मौत, परिवार ने शव वापसी के लिए सरकार से लगाई गुहार; जमीन बेचकर भेजा था US
अमेरिका में 21 वर्षीय अनिल मान का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया, जिससे बल्ला गांव में शोक ...और पढ़ें
-1791200529233_m.webp)
करनाल के युवक की अमेरिका में मौत। फोटो जागरण
HighLights
अमेरिका में 21 वर्षीय अनिल मान का दिल का दौरा पड़ने से निधन।
बल्ला गांव का अनिल तीन साल पहले बेहतर भविष्य के लिए अमेरिका गया था।
परिवार ने शव भारत लाने हेतु सरकार से आर्थिक मदद की अपील की।
संवाद सहयोगी, बल्ला (करनाल)। तीन साल पहले अमेरिका गए बल्ला गांव के 21 वर्षीय अनिल मान का दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ने से निधन हो गया। अनिल दो परिवारों का इकलौता बेटा था। उसकी अचानक हुई मौत की खबर जैसे ही गांव में पहुंची, पूरे गांव में मातम छा गया।
अनिल मान वर्ष 2023 में अमेरिका गया था। शुरुआती कड़े संघर्ष के बाद उसे एक स्टोर में नौकरी मिली और हाल ही में वह ग्रीन कार्ड होल्डर बन चुका था। 3 नवंबर को ड्यूटी के दौरान अचानक अनिल के सिर में तेज दर्द हुआ। उसने अपने दोस्त जतिन को फोन कर स्टोर पर बुलाया और अपनी जगह ड्यूटी संभालने को कहा ताकि वह कमरे में आराम कर सके।
जमीन बेचकर भेजा था अमेरिका
रात को जब ड्यूटी खत्म कर जतिन कमरे पर पहुंचा, तो अनिल वहां मृत पड़ा मिला। अनिल की मां ने बिलखते हुए बताया कि घर की स्थिति सुधारने के लिए उन्होंने 45 लाख रुपये में अपनी पुश्तैनी जमीन बेची थी और अनिल को अमेरिका भेजा था।
कुछ समय से सब सही चल रहा था और अनिल परिवार की उम्मीदों का सहारा बन रहा था, लेकिन इस दुखद घटना ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है।
अमेरिका में मौजूद अनिल के साथी उसके पार्थिव शरीर को भारत भेजने के प्रयासों में लगे हुए हैं। हालांकि, आर्थिक तंगी के कारण स्वजन के पास अब इतने रुपये नहीं हैं कि वे शव को भारत ला सकें। स्वजन ने सरकार से गुहार लगाई है कि उनके बेटे के शव को भारत लाया जाए।
