नई एस्ट्रोटर्फ बिछने से अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को हॉकी का अभ्यास करने का मिलेगा मौका : बलदेव सिंह
संवाद सहयोगी शाहाबाद द्रोणाचार्य अवार्डी कोच बलदेव सिंह ने मारकंडेश्वर हॉकी स्टेडियम में नई एस्ट्रोटर्फ बिछाने पर खुशी का इजहार किया है।
संवाद सहयोगी, शाहाबाद : द्रोणाचार्य अवार्डी कोच बलदेव सिंह ने मारकंडेश्वर हॉकी स्टेडियम में नई एस्ट्रोटर्फ बिछाने पर खुशी का इजहार किया है। इसके लिए खेल विभाग हरियाणा, खेल मंत्री अनिल विज और राज्यमंत्री कृष्ण बेदी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मापदंडों के अनुसार करोड़ों रुपये की लागत से बनी यह टर्फ अत्यंत सुंदर एवं बढि़या है और आने वाले 14 वर्षों के लिए यहां के खिलाड़ियों को टर्फ पर अभ्यास करने का मौका मिलेगा। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को अपने नगर में आने पर यह टर्फ अभ्यास करने के लिए अत्यंत फायदेमंद साबित होगी।
सोमवार को मारकंडेश्वर हॉकी स्टेडियम में पहुंचे पूर्व डिप्टी डायरेक्टर खेल एवं हॉकी कोच बलदेव सिंह ने कहा कि वेल्डिग के दौरान टर्फ के जले हुए टुकड़े को बदलने के बाद इस पर अभ्यास करने व खेलने में कोई भी परेशानी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि तबादले को लेकर शाहाबाद की नर्सरी के हॉकी खिलाड़ियों को प्रदर्शन नहीं करना चाहिए था। उन्होंने जितने भी खिलाड़ी आज तक तैयार किए हैं, और जो अंतरराष्ट्रीय स्तर तक खेले हैं। सभी ने एक अनुशासन के बीच में रहते हुए अपना अभ्यास किया और यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने कहा कि ऐसे मुद्दों को आपसी विचार-विमर्श से भी मिल बैठकर सुलझाया जा सकता था। ओलपियन संजीव डंग, भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल, नवजोत कौर, नवनीत कौर, पूर्व कप्तान सुरिद्र कौर, रितु रानी, अर्जुन अवॉर्डी जसजीत कौर, मनप्रीत कौर ने भी नई टर्फ बिछने पर प्रसन्नता व्यक्त की है।