समाज में बढ़ती अपराधिक घटनाओं को चुनौती के रूप में लेना होगा : डॉ. मिश्र
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के भारत रत्न गुलजारी लाल नंदा नीति एवं दर्शन शास्त्र केंद्र में साप्ताहिक व्याख्यानमाला की तीसरी श्रृंखला में सत्य नैतिकता भ्रष्टाचार एवं अपराध विषय पर चर्चा आयोजित की गई। इस मौके पर क्राइम इन्फारमेशन ब्यूरो के अखिल भारतीय प्रशासनिक सचिव डॉ. बीबी मिश्र ने मुख्य वक्ता के रूप में सामाजिक भ्रष्टाचार एवं अपराध के अलग पहलुओं को उजागर किया।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के भारत रत्न गुलजारी लाल नंदा नीति एवं दर्शन शास्त्र केंद्र में साप्ताहिक व्याख्यानमाला की तीसरी श्रृंखला में सत्य, नैतिकता, भ्रष्टाचार एवं अपराध विषय पर चर्चा आयोजित की गई। इस मौके पर क्राइम इन्फारमेशन ब्यूरो के अखिल भारतीय प्रशासनिक सचिव डॉ. बीबी मिश्र ने मुख्य वक्ता के रूप में सामाजिक भ्रष्टाचार एवं अपराध के अलग पहलुओं को उजागर किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण तथा नगरीय जीवन में अपराधवृत्ति व्यापक हो रही तथा इसे समाज के जागरूक लोगों को एक चुनौती के रूप में लेना होगा। उन्होंने कहा कि सजग लोगों के सक्रिय सहभागिता के बिना मात्र सरकार, पुलिस एवं न्यायपालिका इसका समाधान नहीं कर सकती। अध्यक्षीय टिप्पणी करते हुए एडवोकेट एवं पूर्व पुलिस अधिकारी महेंद्र पाल ने अपने पुलिस नौकरी के जीवन में नैतिकता तथा अपराध के अनुभव सांझा किए। उन्होंने कहा अधीनस्थ कर्मचारियों से उच्च पदस्थ व्यक्तियों के द्वारा भ्रष्ट आचरण कराया जाना एक बड़ी चुनौती है, छोटे से छोटा व्यक्ति भी सत्य एवं ईश्वर का विश्वास कर भ्रष्ट कार्य करने से इंकार कर सकता है। भ्रष्ट कार्य को शुरू में ही नकार देना साहस का कार्य है जिससे समाज व व्यवस्था सुधार सकते हैं। केंद्र के निदेशक डॉ. सुरेंद्र मोहन मिश्र ने अतिथियों का परिचय करवाया तथा चार जुलाई को होने वाली 121वीं जयंती के कार्यक्रम की रूपरेखा के बारे में बताया।