अवैध शराब और नशे का कारोबार, एक फोन पर होम डिलीवरी
कुरुक्षेत्र धर्मनगरी में अवैध शराब के साथ दूसरे बड़े नशों की बिक्री जोरों पर है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : धर्मनगरी में अवैध शराब के साथ दूसरे बड़े नशों की बिक्री जोरों पर है। एक फोन पर होम डिलीवरी तक है। तस्करों के होटलों और दूसरे ठिकानों पर तार जुड़े हैं। कई जगह पर तो ठेके से भी सस्ती शराब मिल रही है। कॉलोनियों व सेक्टरों के बीच बसें कई गांवों में तो शराब और नशे का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है। आबकारी विभाग पुलिस और पुलिस आबकारी विभाग की शिकायत के भरोसे बैठे हैं। कुरुक्षेत्र धर्मनगरी है। थानेसर नगर परिषद क्षेत्र में शराब व मांस की बिक्री पर रोक है। इन सबके बीच कुछ लोग शराब की अवैध रूप से बिक्री में लगे हुए हैं। होटल व बड़े स्थानों पर आसानी से शराब और मांस उपलब्ध हो रहा है।
कई बस्ती और कॉलोनियों में सरेआम चल रहे खुर्दे
शहर की हर बस्ती और सेक्टरों के बीच बसे गांवों में अवैध रूप से शराब की बिक्री चल रही है। कई जगह छोले और फास्ट फूड की रेहड़ी की आड़ में खुर्द चल रहे हैं। गांधीनगर व कीर्ति नगर अवैध रूप से शराब व दूसरे नशों की बिक्री का मुख्य केंद्र है। अवैध शराब की बिक्री पर हुए विवाद में पिछले दिनों मोहननगर में एक युवक की हत्या तक कर दी थी। इसके बाद मामला काफी भड़का। पुलिस ने कई जगह कार्रवाई भी की, लेकिन अब फिर से अवैध शराब का धंधा पनप उठा है। एक-एक कॉलोनी में 18-20 खुर्दे अवैध रूप से चल रहे हैं। अवैध शराब से जुड़े लोग एक फोन पर होम डिलीवरी तक करते हैं। वे ठेकों या दूसरे स्थानों से पेटी ले आते हैं। इससे आगे ऑर्डर पर ठेके से कम रेट में बेच देते हैं।
ठेके पर पकड़ी नकली शराब के कैथल में मिले तार
पिहोवा क्षेत्र के गांव मोरथली में गत दिनों करनाल की एक फैक्ट्री के वाइस प्रेजीडेंट सुनील कुमार ने 144 पेटी नकली देसी शराब की पकड़ी थी। पुलिस ने इसकी जांच शुरू की तो कैथल के गुहला क्षेत्र के चाणचक गांव में इसके तार मिले। यहां पर नकली शराब बनाने की फैक्ट्री चल रही थी। पुलिस ने भारी मात्रा में सामान बरामद किया था। यहां पर कुछ रेपर व अन्य सामान को आग भी लगा रखी थी। संभावना जताई जा रही है कि उक्त लोगों को पुलिस कार्रवाई की भनक पहले लग गई थी और बचने के लिए सबूत आग के हवाले किए हों। सीधी बात : राजकुमार, डीईटीसी, एक्साइज।
सवाल : शहर में शराब की अवैध बिक्री बेधड़क हो रही है। इस पर रोक क्यों नहीं लग रही?
जवाब : ऐसा नहीं है। किसी तरह की सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई की जाती है। सवाल : शहर की कॉलोनियों और सेक्टरों के बीच गांवों में खुर्दे सरेआम चल रहे हैं। सबको इसकी सूचना है।
जवाब : विभाग में मैन पावर कम है। इन सबके चलते इस तरह की गतिविधियों पर सख्त कदम नहीं उठाया जा पा रहा। सवाल : आपके पास मैन पावर नहीं है तो क्या शराब की अवैध बिक्री ऐसे ही होती रहेगी।
जवाब : ऐसा तो नहीं है। पुलिस को भी कार्रवाई की पावर होती है। वे इस तरह के मामलों में कार्रवाई कर सकते हैं। सवाल : जिम्मेदारी आपकी है तो पुलिस सीधे तौर पर कार्रवाई क्यों करें?
जवाब : ऐसा नहीं है। वे भी पुलिस की मदद लेकर ही छापेमारी करते हैं।