जरूरतमंद बच्चों के साथ जन्मदिन का जश्न मनाकर बनाया खास
शहर के नामचीन स्कूल में 12वीं की पढ़ाई करने वाली हुनर ने अपने जन्मदिन को जरूरतमंद बच्चों के साथ मनाकर खास बना लिया।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : शहर के नामचीन स्कूल में 12वीं की पढ़ाई करने वाली हुनर ने अपने जन्मदिन को जरूरतमंद बच्चों के साथ मनाकर खास बना लिया। जन्मदिन के जश्न के लिए वह हम फाउंडेशन की ओर से चलाए जा रहे संस्कार केंद्र में पहुंची। इस संस्कार में जरूरत परिवारों से 20 के लगभग बच्चे पढ़ाई करने आते हैं। हुनर ने इन बच्चों के बीच जाकर उन्हें अपनेपन का अहसास कराया और उन्हें मिठाई खिलाई। इसके बाद उन्हें नई किताबें, कॉपियां और स्टेशनरी भी बांटी। नई किताबें मिलने पर बच्चे खुशी से झूम उठे।
हुनर की मां प्रवीण कपलियात ने कहा कि शिक्षा ही एक ऐसा माध्यम है जिसके साथ बच्चा गरीब बस्ती से निकलकर आलीशान बंगले तक पहुंच सकता है। आज हमारे सामने ऐसे बहुत से उदाहरण है जिनमें संसाधन हीन बच्चों ने नई ऊंचाइयों को छुआ हैं। हम सभी लोगों का यह कर्तव्य है कि इन बच्चों को आगे बढ़ने में तन मन धन से सहयोग करें, ताकि कोई भी बच्चा सुविधा ना मिलने के कारण पीछे ना रह सके।
हम फाउंडेशन के संयोजक राजीव मोदगिल ने बताया कि संस्था का प्रयास रहता है कि किसी भी बच्चे को शिक्षा के लिए किसी भी तरह की कमी का सामना ना करना पड़े। इसी बात को ध्यान में रखते हुए उन्होंने संस्कार केंद्र की स्थापना की है। इस मौके पर संजय चौधरी, धर्मपाल शोरगीर, टेकचंद, शम्मी सैनी, विकास शर्मा मौजूद रहे।